कुएं में गिरने से नाबालिग की मौत !

Spread the love

सागर जिले के बीना तहसील अंतर्गत भानगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम करोंदा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। घर के पास बने कुएं से पानी भरते समय पैर फिसलने से एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की कुएं में गिरने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

मृतक की पहचान पूनम पिता घनश्याम धानक (17 वर्ष), निवासी ग्राम करोंदा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पूनम रोजमर्रा की तरह अपने घर के पास स्थित कुएं पर पानी भरने गई थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से उसका पैर फिसल गया और वह सीधे कुएं में जा गिरी।

गहरे और पानी से भरे कुएं में गिरी छात्रा

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसे सुनकर गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कुआं काफी गहरा था और उसमें पानी भरा हुआ था, जिससे पूनम को बाहर निकालने में काफी परेशानी आई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलते ही भानगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बीना के सिविल अस्पताल भेजा गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

मर्ग कायम कर जांच शुरू

भानगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक हरिसिंह तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को गांव भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

नाबालिग की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे खुले कुओं के आसपास सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *