एनएसएस शिविर व्यक्तित्व निर्माण की कार्यशाला : लारिया !

Spread the love

नरयावली/सागर। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) को केवल सात दिनों का शिविर मानना इसकी वास्तविक भावना और उद्देश्य को सीमित करना है। एनएसएस युवाओं के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास, जीवन मूल्यों के निर्माण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व को विकसित करने की एक सशक्त कार्यशाला है। यह विचार नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने ग्राम नगना स्थित खेल परिसर में आयोजित शासकीय महाविद्यालय नरयावली के एनएसएस विशेष शिविर के दौरान स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

विधायक लारिया ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को संवेदनशील, जिम्मेदार और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाना है। जब विद्यार्थी अपनी सुविधा और सुरक्षित दायरे से बाहर निकलकर ग्रामीण परिवेश में रहकर सेवा कार्य करते हैं, तभी उनके भीतर मानवता, करुणा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों का वास्तविक विकास होता है।

उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से युवा स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, सामाजिक कुरीतियों और विकास से जुड़ी चुनौतियों को प्रत्यक्ष रूप से समझते हैं। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें व्यवहारिक जीवन के लिए तैयार करते हैं।

विधायक ने यह भी कहा कि एनएसएस शिविर ग्रामीण और शहरी समाज के बीच की दूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन शिविरों के माध्यम से विद्यार्थी गांव की वास्तविक समस्याओं, जरूरतों और संभावनाओं से परिचित होते हैं, जिससे समाज और युवा वर्ग के बीच एक मजबूत सेतु का निर्माण होता है।

कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय नरयावली के प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने एनएसएस की गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों को समाज सेवा के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम अधिकारी शंकर लाल पटेल, डॉ. नितेंद्र कुमार वर्मा, प्रथम दल नेता प्रशांत साहू एवं द्वितीय दल नेता कपिल यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *