सागर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा एवं चित्रांश जन समिति के संयुक्त तत्वावधान में संजय ड्राइव रोड स्थित चित्रांश मंगल भवन में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली 300 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र कुमार जैन रहे, जिन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ शुभारंभ
समारोह की शुरुआत नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसने पूरे वातावरण को उल्लास और उत्साह से भर दिया। इसके बाद शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान
कक्षा 12वीं में प्रथम नमन खरे, द्वितीय प्राची श्रीवास्तव एवं तृतीय वेदिका श्रीवास्तव को पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं कक्षा 10वीं में प्रथम रोशनी खरे, द्वितीय वेदिका श्रीवास्तव एवं तृतीय जिया श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
‘कायस्थ गौरव सम्मान’ से विभूषित

कार्यक्रम में शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रशासन, साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं एवं वरिष्ठजनों को ‘कायस्थ गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से उत्साह का माहौल रहा।
विधायक की बड़ी घोषणाएं
मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र जैन ने अपने संबोधन में कहा कि चित्रांश समाज सदैव प्रतिभा, परिश्रम और बौद्धिक क्षमता का प्रतीक रहा है। ऐसे आयोजन समाज की नई पीढ़ी को आगे बढ़ने और उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने घोषणा की कि नगर का एक प्रमुख चौराहा भगवान चित्रगुप्त के नाम से विकसित किया जाएगा, जहां कलम-दवात की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही चित्रांश मंगल भवन तक आने वाले मार्ग को पक्का किए जाने की भी घोषणा की।
समाजजनों की रही बड़ी उपस्थिति
कार्यक्रम में चित्रांश समाज के बड़ी संख्या में गणमान्यजन, युवा, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। समारोह के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभाओं एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।