बीना में कांग्रेस नेता अशोक परिहार की कार से तोड़फोड़, जलाने का प्रयास !

Spread the love

बीना (सागर)। बीना शहर के खिरिया वार्ड में असामाजिक तत्वों ने पूर्व प्राचार्य एवं कांग्रेस नेता अशोक परिहार के घर के बाहर खड़ी उनकी कार में जमकर तोड़फोड़ कर उसे आग लगाने का प्रयास किया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत बीना थाना में दर्ज कराई है।

पड़ोसी की सूचना पर सामने आई घटना

अशोक परिहार ने बताया कि उनकी होंडा वेन्यू कार (क्रमांक MP15 CC 9388) रोज की तरह घर के बाहर खड़ी थी। सुबह पड़ोसी ने उन्हें सूचना दी कि गाड़ी का कवर जमीन पर फटा हुआ पड़ा है। जब उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो कार की हालत देखकर वे हैरान रह गए।

कार की नंबर प्लेट उखड़ी हुई थी और बॉडी पर किसी नुकीली वस्तु से कई जगह छेद किए गए थे। इससे साफ जाहिर होता है कि बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वाहन को नुकसान पहुंचाया।

आग लगाने की भी कोशिश

कांग्रेस नेता के भाई संजय परिहार ने बताया कि बदमाशों ने केवल तोड़फोड़ ही नहीं की, बल्कि गाड़ी को जलाने की नीयत से उस पर आग लगाने का प्रयास भी किया। वाहन पर जलने के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि लाइटर या माचिस के जरिए आग लगाने की कोशिश की गई थी। सौभाग्य से समय रहते घटना का पता चल गया, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिस कर रही जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि इस मामले में शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास और मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।

क्षेत्र में आक्रोश

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने पुलिस से आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी क्षेत्र में हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *