परीक्षाओं में नकल पर कड़ा रुख, कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश !

Spread the love

कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों में आगामी शिक्षा सत्र के लिए शत-प्रतिशत सीटों पर छात्र-छात्राओं के प्रवेश को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में एक भी सीट रिक्त न रहे, इसके लिए अभी से ठोस और सतत प्रयास किए जाएं।

कमिश्नर श्री सुचारी ने सागर संभाग के सभी सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि SC-ST वर्ग के छात्र-छात्राओं की प्रोफाइल पहले से तैयार की जाए तथा उन्हें छात्रावासों में प्रवेश के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाए। यह निर्देश उन्होंने जनजातीय कार्य विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

उन्होंने कहा कि शासन द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दूर-दराज एवं ग्रामीण अंचलों में रहने वाले छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग के मैदानी अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।

✍️ परीक्षाओं में नकल रोकने के निर्देश

बैठक में चालू शिक्षा सत्र में आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं एवं अन्य परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि परीक्षाओं में नकल के मामलों को रोकने के लिए सभी जिलों में पुख्ता और प्रभावी इंतजाम किए जाएं। परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

🏫 छात्रावास सुदृढ़ीकरण पर नाराज़गी

कमिश्नर ने SC-ST विद्यार्थियों के लिए संचालित छात्रावास सुदृढ़ीकरण योजना की समीक्षा करते हुए सागर संभाग में इसके कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कलेक्टर दमोह एवं टीकमगढ़ से दूरभाष पर चर्चा कर उन्होंने शासन से प्राप्त राशि का समय-सीमा में उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

निवाड़ी, टीकमगढ़ और दमोह जिलों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कमिश्नर ने नाराज़गी व्यक्त की और निर्देश दिए कि छात्रावास सुदृढ़ीकरण योजना के कार्य आगामी 15 दिवसों के भीतर प्रारंभ कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही छात्रावासों की साज-सज्जा एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्राप्त राशि का शत-प्रतिशत उपयोग करने पर जोर दिया।

🏘️ बस्ती विकास कार्यों में तेजी

बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति बस्ती विकास योजना की जिलेवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों का चयन कर सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण की जाएं और निर्माण कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ प्रारंभ कर समय-सीमा में पूर्ण कराए जाएं।

🏠 आवासीय व अन्य योजनाओं की समीक्षा

कमिश्नर ने SC-ST वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए संचालित आवासीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की और पात्र विद्यार्थियों को सहायता राशि सहजता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना एवं आदि कर्मयोगी योजना की भी समीक्षा की गई।

बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास श्री राकेश शुक्ला सहित आदिमजाति कल्याण विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *