कृषक कल्याण वर्ष के तहत गांव-गांव पहुंचा कृषि नवाचार का संदेश !

Spread the love

राज्य सरकार के निर्देशानुसार वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाए जाने के निर्णय के अंतर्गत किसानों के बीच जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 2 फरवरी 2026 को किसानों की एक भव्य मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में लगभग 175 किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस जन-जागरूकता पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को शासन द्वारा संचालित कृषक कल्याण योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं सकारात्मक सोच से जोड़ते हुए कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना रहा। उल्लेखनीय है कि पूर्व से ही विकासखंड स्तर पर कृषि रथ के माध्यम से जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है, उसी क्रम में मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया।

रैली में उन्नतशील कृषक, युवा किसान, जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य सहयोगी शामिल हुए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रतिभागियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया, जिससे सुरक्षित एवं अनुशासित आयोजन सुनिश्चित हो सका।

किसान कल्याण एवं कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री अवधेश राय ने जानकारी देते हुए बताया कि मोटरसाइकिल रैली प्रातः अंबेडकर तिराहा से प्रारंभ होकर गांधी तिराहा, स्टेशन रोड बीना होते हुए गुलौआ गांव एवं नौगांव ग्राम तक लगभग 8 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए संपन्न हुई।

रैली का समापन ग्राम नौगांव में आयोजित किसानों की चौपाल के साथ हुआ, जहां कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी गई तथा उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती उषा राय ने मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि श्री वीरेंद्र भदौरिया, श्री राजेंद्र उपाध्याय, श्री रतन यादव, श्री सत्यजीत ठाकुर, श्री राजा बाबू यादव, श्री तिलक सिंह ठाकुर, श्री संतोष ठाकुर, पूर्व सरपंच श्री दिनेश राय, सरपंच श्री मुकुल पुरोहित सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कृषि विभाग से श्री दीपेश मोघे, श्री अजहरुद्दीन, श्री अभिषेक कौशिक, श्री प्रताप बागरी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

इस जन-जागरूकता अभियान से किसानों में शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा वे आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *