बीना जंक्शन पर यात्रियों को इंतजार !

Spread the love

बीना और खुरई क्षेत्र में बुधवार सुबह मौसम के मिजाज में अचानक बदलाव देखने को मिला। बीना में आसमान में बादल छाए रहे, जबकि खुरई में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इसके साथ ही ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे एक बार फिर सर्दी का असर तेज हो गया। बढ़ती ठंड के कारण आम जनजीवन प्रभावित नजर आया।

ठंडी हवाओं से कंपकंपाए लोग

मौसम में आए बदलाव का सबसे अधिक असर बच्चों और बुजुर्गों पर देखने को मिला। कड़ाके की ठंड और सर्द हवाओं के बीच बच्चों को स्कूल जाना पड़ा। सुबह और शाम के समय शहर में लोग ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आए। बाजारों और चौराहों पर जगह-जगह अलाव जलाकर लोग हाथ सेंकते दिखाई दिए।

हालांकि, भीषण ठंड के बावजूद लोग अपने रोजमर्रा के कामकाज के लिए घरों से बाहर निकलते रहे।

तापमान में गिरावट दर्ज

मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के चलते तापमान सामान्य से कम महसूस किया गया।

कोहरे का असर ट्रेनों की रफ्तार पर

भले ही बीना क्षेत्र में घना कोहरा नहीं छाया, लेकिन प्रदेश और उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। इसका असर बीना जंक्शन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों पर पड़ा, जो घंटों की देरी से स्टेशन पहुंचीं।

बीना जंक्शन पर देरी से पहुंचने वाली प्रमुख ट्रेनें इस प्रकार रहीं:

  • 12626 केरल एक्सप्रेस – 3 घंटे देरी
  • 12156 भोपाल एक्सप्रेस – 3 घंटे 28 मिनट
  • 22166 भोपाल ऊर्जाधानी एक्सप्रेस – 4 घंटे 30 मिनट
  • 12628 कर्नाटक एक्सप्रेस – 4 घंटे 27 मिनट
  • 12920 मालवा एक्सप्रेस – 7 घंटे 31 मिनट
  • 11271 विंध्याचल एक्सप्रेस – 2 घंटे
  • 11058 मुंबई सीएसएमटी एक्सप्रेस – 3 घंटे 12 मिनट
  • 12722 दक्षिण एक्सप्रेस – 4 घंटे
  • 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस – 3 घंटे 26 मिनट
  • 12002 शताब्दी एक्सप्रेस – 2 घंटे 16 मिनट
  • 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस – 3 घंटे 27 मिनट

यात्रियों को हुई परेशानी

ट्रेनों की देरी के कारण यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने ठंड में इंतजार को लेकर नाराजगी भी जताई। रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों को ट्रेनों की स्थिति की जानकारी दी जाती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *