नई दिल्ली: क्रिकेट के नियम बनाने वाले मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने क्रिकेट के नियमों में सबसे बड़े बदलाव की घोषणा की है। कुल 73 नियमों में संशोधन किया गया है, जो 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। ये नियम 2022 के बाद सबसे बड़े अपडेट माने जा रहे हैं।
1. टेस्ट मैच में दिन का आखिरी ओवर अब हर हाल में पूरा होगा
MCC ने कहा कि अब टेस्ट मैचों में दिन का आखिरी ओवर हर हाल में पूरा कराया जाएगा, चाहे उस दौरान विकेट गिर जाए। पहले नियम के तहत विकेट गिरने पर नया बल्लेबाज मैदान पर नहीं आता था। MCC ने बताया कि इससे खेल का रोमांच कम होता था और समय की बचत भी नहीं होती, क्योंकि बचे हुए ओवर अगले दिन पूरे करने ही पड़ते थे।

2. ओवरथ्रो और डेड बॉल की नई परिभाषा
अब ओवरथ्रो सिर्फ तब माना जाएगा जब फील्डर विकेट पर गेंद फेंकते समय गेंद नियंत्रण से बाहर हो जाए। यदि बाउंड्री के पास फील्डर गेंद रोकते समय हाथ से गेंद फिसल जाए, तो इसे मिसफील्ड माना जाएगा।
‘डेड बॉल’ के लिए भी अब अंपायर को अधिक स्वतंत्रता दी गई है। गेंद किसी भी फील्डर के पास होने या मैदान में रुकने पर अंपायर यह तय कर सकता है कि अब बल्लेबाज रन नहीं ले सकता, तब बॉल को डेड घोषित किया जाएगा।
3. लेमिनेटेड बैट को मंजूरी
अब लेमिनेटेड बैट (Type-D Bat) का इस्तेमाल क्लब क्रिकेट में किया जा सकेगा। यह बैट लकड़ी के दो या तीन टुकड़ों को जोड़कर बनाया जाता है और पारंपरिक बैट से सस्ता होता है। MCC ने इसे ओपन एज क्लब क्रिकेट में खेलने की अनुमति दी है।

4. हिट विकेट के नियम में स्पष्टता
हिट विकेट के नियम में संशोधन के बाद अब यह स्पष्ट किया गया है कि कब बल्लेबाज आउट होगा और कब नहीं।
- संतुलन बिगड़ना: शॉट खेलने के बाद लड़खड़ाकर स्टंप्स पर गिरने पर बल्लेबाज आउट होगा।
- फील्डर से टकराव: यदि फील्डर से टकराकर गिरता है तो आउट नहीं होगा।
- बल्ला छूटना: अगर बल्ला सीधे स्टंप्स से लगे तो आउट होगा, लेकिन पहले किसी फील्डर या विकेटकीपर को छूने पर नॉट आउट रहेगा।
5. गेंद और बैट के नए मानक
MCC ने जूनियर और महिला क्रिकेट के लिए भी नए नियम बनाए हैं। गेंदों को तीन साइज में बांटा गया है:
- साइज-1: मेंस क्रिकेट में उपयोग होने वाली गेंद, बदलाव नहीं।
- साइज-2: महिला क्रिकेट और जूनियर खिलाड़ियों के लिए हल्की और छोटी।
- साइज-3: छोटे उम्र के जूनियर खिलाड़ियों के लिए सबसे हल्की और छोटी, बच्चों के लिए खेलने में मददगार।
सभी गेंदों के लिए गुणवत्ता, मजबूती और सुरक्षा नियम समान रहेंगे।

MCC का महत्व और इतिहास
MCC की स्थापना 1787 में लंदन, इंग्लैंड में हुई थी। इसे क्रिकेट का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित क्लब माना जाता है। MCC ने 1788 में क्रिकेट के पहले आधिकारिक नियम तैयार किए थे और ICC बनने के बाद भी क्रिकेट नियमों का कॉपीराइट MCC के पास है।
ये बदलाव टेस्ट मैचों, क्लब क्रिकेट और जूनियर/महिला क्रिकेट में खेल के रोमांच, सुरक्षा और निष्पक्षता को बढ़ाने के लिए किए गए हैं। MCC का कहना है कि नए नियमों से खेल में स्पर्धा और मज़ा दोनों बढ़ेंगे।