देश की पहली सहकारी कैब टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ आज लॉन्च, ड्राइवर होंगे मालिक !

Spread the love

नई दिल्ली। देश में कैब सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए आज देश की पहली सहकारी कैब टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ का शुभारंभ किया जा रहा है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दिल्ली में इस सेवा को औपचारिक रूप से लॉन्च करेंगे। इस पहल का उद्देश्य टैक्सी ड्राइवरों को निजी एग्रीगेटर कंपनियों के कमीशन आधारित मॉडल से मुक्त कर उन्हें मालिकाना हक देना है।

सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, ‘भारत टैक्सी’ पूरी तरह जीरो-कमीशन मॉडल पर आधारित होगी। यानी ड्राइवर की पूरी कमाई सीधे उसी को मिलेगी। ओला-उबर जैसी निजी कंपनियां जहां ड्राइवरों से 20 से 30 प्रतिशत तक कमीशन वसूलती हैं, वहीं भारत टैक्सी में ऐसा कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही यात्रियों को भी राहत देते हुए इसमें सर्ज प्राइसिंग की व्यवस्था नहीं होगी, जिससे पीक ऑवर्स में भी किराया किफायती रहेगा।

इस सेवा का ट्रायल 2 दिसंबर को दिल्ली और गुजरात के राजकोट में किया गया था, जो पूरी तरह सफल रहा। अब इसे चरणबद्ध तरीके से देशभर में विस्तार देने की योजना है।

लॉन्च कार्यक्रम के दौरान अमित शाह बेहतर प्रदर्शन करने वाले 6 ड्राइवर्स (सारथी) को सम्मानित करेंगे। इन ड्राइवर्स को कंपनी के शेयर सर्टिफिकेट दिए जाएंगे, जिससे वे प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार बनेंगे। सम्मानित सारथियों को 5 लाख रुपए का एक्सिडेंटल इंश्योरेंस और 5 लाख रुपए का फैमिली हेल्थ इंश्योरेंस भी प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, सभी ड्राइवर्स के लिए रिटायरमेंट सेविंग्स और ड्राइवर सपोर्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।

‘भारत टैक्सी’ एक सदस्यता आधारित सेवा है, जिसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड संचालित करेगा। इस संस्था की स्थापना जून में 300 करोड़ रुपए की पूंजी के साथ की गई थी। इसकी संचालन परिषद में अमूल के एमडी जयेन मेहता चेयरमैन और एनसीडीसी के उप प्रबंध निदेशक रोहित गुप्ता वाइस चेयरमैन हैं।

यह एप आधारित सेवा डिजिटल इंडिया पहल का हिस्सा होगी। एप ओला-उबर की तरह ही काम करेगा और हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती व मराठी भाषाओं में उपलब्ध रहेगा।

सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में भारत टैक्सी को सभी राज्यों और प्रमुख शहरों तक पहुंचाने का है। दिसंबर से मार्च 2026 तक राजकोट, मुंबई और पुणे में सेवा शुरू होगी। इसके बाद लखनऊ, भोपाल और जयपुर सहित अन्य शहरों में विस्तार किया जाएगा। वर्ष 2030 तक जिला मुख्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में एक लाख ड्राइवर्स के साथ इस सेवा को शुरू करने की योजना है।

कुल मिलाकर, ‘भारत टैक्सी’ न सिर्फ ड्राइवरों को आर्थिक सशक्तिकरण देगी, बल्कि यात्रियों को भी पारदर्शी और किफायती कैब सेवा उपलब्ध कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *