मुंबई।
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा एक बार फिर अपनी फिल्मों से ज्यादा निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। कभी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ तलाक की खबरें सामने आती हैं, तो कभी उनके कथित अफेयर्स और करियर को लेकर सवाल खड़े किए जाते हैं। इन तमाम चर्चाओं और अफवाहों पर अब गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है।
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में शशि सिन्हा ने गोविंदा की शादीशुदा जिंदगी को लेकर उड़ रही खबरों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा,
“गोविंदा ने ऐसी कौन-सी 2-4 शादियां कर ली हैं कि इतना बवाल मचा हुआ है? रोमांस को लेकर किसके बारे में खबरें नहीं छपतीं। हर किसी के बारे में कुछ न कुछ लिखा ही जाता है। यह सिर्फ घरेलू बातों से जुड़ी हल्की-सी हवा है, जिसे बेवजह तूफान बना दिया गया है। आखिर क्यों और क्या है, ये खुद गोविंदा आप लोगों को मिलकर बताएंगे।”

पत्नी सुनीता से विवाद की खबरें निराधार
शशि सिन्हा ने गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच कथित मनमुटाव और झगड़े की खबरों को भी सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा,
“मुझे नहीं लगता कि गोविंदा जी और उनकी पत्नी के बीच कोई समस्या है। आप चाहें तो सीधे सुनीता जी या गोविंदा जी से पूछ सकते हैं। वह अपनी पत्नी और बच्चों का पूरा ध्यान रख रहे हैं। जो कुछ भी कहा जा रहा है, वो सब अफवाहें हैं और पूरी तरह निराधार हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि गोविंदा को लेकर इस तरह की बातें सुनकर उन्हें व्यक्तिगत रूप से दुख होता है।
“बहुत दुख होता है जब उनके बारे में लोग कुछ भी बोल देते हैं। मैं भगवान से यही प्रार्थना करता हूं कि गोविंदा जी की जिंदगी में सब कुछ अच्छा हो।”
कमबैक की तैयारी में गोविंदा
गोविंदा के करियर को लेकर उठ रहे सवालों पर भी शशि सिन्हा ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि अभिनेता एक बार फिर एक्टिंग की दुनिया में वापसी करने की तैयारी कर रहे हैं।
“वो फिर से काम में लौटने के रास्ते पर हैं। एक-दो फिल्मों की प्लानिंग चल रही है। इसके अलावा खुद का होम प्रोडक्शन शुरू करने की भी तैयारी है। देखते हैं कौन-सा प्रोजेक्ट पहले शुरू होता है, लेकिन इतना तय है कि हम काम शुरू करेंगे और गोविंदा काम भी करेंगे।”

सुनीता के बयानों से बढ़ी चर्चा
गौरतलब है कि हाल के दिनों में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने सार्वजनिक रूप से कुछ ऐसे बयान दिए, जिनसे चर्चाएं और तेज हो गईं। सुनीता ने गोविंदा के कथित अफेयर को लेकर कहा था कि
“63 साल की उम्र में ये सब शोभा नहीं देता।”
इसके बाद गोविंदा ने भी पहली बार इन मुद्दों पर ANI से बातचीत में प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था,
“मेरे एक मित्र ने मुझसे कहा था कि गोविंद, तुम्हारे साथ साजिश चल रही है, आज नहीं बल्कि सालों से। उससे तुम कैसे बाहर निकलोगे? मैंने कहा कि एक साल, दो साल, चार-पांच साल, नौ-दस साल योग होते हैं, पूजा-पाठ और यज्ञ किए जाते हैं। लेकिन जब 14-15 साल से वार्तालाप आगे निकल जाता है, तब वो योग काम नहीं करता।”

परिवार को लेकर गोविंदा का पक्ष
गोविंदा ने आगे कहा था कि कई बार सोची-समझी साजिशों में परिवार तक आ जाता है और लोग डर जाते हैं।
“जब घर-परिवार शामिल हो जाता है तो थोड़ा अलगाव नजर आने लगता है। लेकिन मुझे लगता है कि सुनीता बहुत जहीन और पढ़ी-लिखी हैं। उनकी भाषा में कुछ भी गलत नहीं होता।”
अफवाहों के बीच सच की तलाश
फिलहाल गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन उनके मैनेजर के बयान साफ तौर पर यह संकेत देते हैं कि अभिनेता और उनका परिवार इन खबरों से प्रभावित जरूर हैं, लेकिन टूटे नहीं हैं। वहीं, गोविंदा के कमबैक की तैयारियों की खबर ने उनके फैंस के बीच एक नई उम्मीद भी जगा दी है।