सागर
दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र बनाने एवं शासकीय योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्कूलों, कॉलेजों, जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह निर्देश संभाग आयुक्त श्री अनिल सुचारी ने मासिक समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी श्री धन सिंह यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संभाग आयुक्त श्री सुचारी ने कहा कि दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र बनवाने में अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए शिविरों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी शिविरों में मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि दिव्यांगजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक सहायक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पूर्व से समुचित तैयारी की जाए और सामाजिक न्याय विभाग में संसाधन व उपकरण हमेशा उपलब्ध रखे जाएं।

संभाग आयुक्त ने कहा कि एलएमसीओ (LMCO) के माध्यम से दिव्यांगजनों का समय-समय पर प्रशिक्षण कराया जाए तथा आवश्यक उपकरण भी उन्हें उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित सभी प्रकार की पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि समस्त पेंशनों का भुगतान निर्धारित समय-सीमा में किया जाए। साथ ही पेंशनरों को ई-केवाईसी, आधार अपडेट, बैंक डीबीटी सहित अन्य तकनीकी समस्याओं के निराकरण की व्यवस्था भी समय पर सुनिश्चित की जाए, जिससे बुजुर्ग एवं दिव्यांग पेंशनरों को भटकना न पड़े।

संभाग आयुक्त श्री सुचारी ने कहा कि पात्र दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाए तथा जो दिव्यांग मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए पात्र नहीं हैं, उन्हें साधारण ट्राईसाइकिल दी जाए। इसी प्रकार कान की मशीन, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरणों का पर्याप्त स्टॉक हमेशा उपलब्ध रखा जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सामाजिक न्याय विभाग की सभी योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र दिव्यांगजन, बुजुर्ग एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।