सागर जिले के मोतीनगर थाना पुलिस ने लूट के एक मामले में फरार चल रहे शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी पुलिस ने जब्त किया है। मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
घटना 5 दिसंबर की है। इस संबंध में फरियादिया वैष्णवी पति नीलेश साहू (उम्र 22 वर्ष), निवासी विवेकानंद वार्ड, ने 8 दिसंबर को मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादिया ने बताया कि वह अपने पति के साथ मीरा अस्पताल के पास स्थित एक ऑनलाइन दुकान का संचालन करती है।
5 दिसंबर की दोपहर लगभग 12:30 बजे वह दुकान के अंदर बैठी हुई थी, जबकि उसका पति दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान चार युवक—यश सोनी, निशांत यादव, अजय पटेल और प्रशांत पटेल—दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने फरियादिया के पति को चाकू दिखाकर डराया-धमकाया, जिससे वह डरकर दुकान के अंदर आ गया।
इस बीच आरोपी यश सोनी ने काउंटर में रखे करीब 10 हजार रुपये नगद उठाए और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद फरियादिया और उसके पति ने आरोपियों का पीछा किया। फरियादिया ने साहस दिखाते हुए आरोपी यश सोनी को पकड़ भी लिया, लेकिन आरोपी ने धक्का देकर खुद को छुड़ा लिया और अन्य साथियों के साथ बाइक और पैदल रास्तों से फरार हो गया।
काफी तलाश के बावजूद आरोपियों के नहीं मिलने पर फरियादिया ने मोतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी निशांत यादव और अजय पटेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। इसके बाद आरोपी यश सोनी और प्रशांत पटेल फरार चल रहे थे।
इसी दौरान पुलिस को फरार आरोपी यश उर्फ आदर्श पिता राजेंद्र सोनी (उम्र 22 वर्ष), निवासी मोहननगर वार्ड की लोकेशन मिली। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाने लाकर की गई पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
शातिर किस्म का अपराधी
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी यश सोनी के खिलाफ पहले से ही लूट, मारपीट सहित कुल 4 अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी प्रशांत पटेल की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।