बीना पुलिस ने शुक्रवार देर रात गोदना गांव के एक खेत में चल रहे जुआ फड़ पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान जुआ खेलते हुए 6 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि 6 अन्य जुआरी पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से 22 हजार 860 रुपए नकद, 5 मोबाइल फोन और 12 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोदना गांव के एक खेत में 10 से 12 लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस के पहुंचते ही जुआरी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर 6 आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है—
- राम सिंह (40), निवासी गांधी वार्ड बीना
- गौरव श्रीवास्तव (45), निवासी शिव वार्ड बीना
- रोशन यादव (40), निवासी सुभाष वार्ड बीना
- वीरेंद्र यादव (37), निवासी भगत सिंह वार्ड बीना
- कृष्णकुमार यादव (35), निवासी आचवल वार्ड बीना
- कपिल राय (29), निवासी शिवाजी वार्ड बीना
इन सभी आरोपियों के पास से 22,860 रुपए नकद और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
12 मोटरसाइकिलें भी जब्त

पुलिस ने मौके से 12 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। इनमें एमपी 15 जेडएन 2547, एमपी 15 एमजेड 8113, एमपी 15 जेडएन 5106, एमपी 67 एमजे 3813, एमपी 15 जेडबी 9092, एमपी 15 एमजेड 0186, एमपी 15 एनसी 3358, एमपी 15 पी 4786, एमपी 15 जेडएल 7354, एमपी 38 एमपी 0576 नंबर की बाइकें शामिल हैं, जबकि दो बाइकें बिना नंबर की पाई गईं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने फरार जुआरियों के नाम शाहरुख खान, फारूख खान (दोनों निवासी नई बस्ती बीना), बंटी यादव (नानक वार्ड बीना), कुलदीप कुशवाहा, अजय अहिरवार (शिवाजी वार्ड बीना) और फिरोज खान (नई दिल्ली बीना) बताए हैं। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम रही मौजूद

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनूप यादव के साथ एसआई लखन राज, एसआई धनेंद्र यादव सहित बीना थाना पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।