पं.रविशंकर स्कूल में धूमधाम से मना प्रवेशोत्सव, 800 से अधिक छात्रायें रहीं उपस्थित !

Spread the love

सागर जिले के पं. रविशंकर स्कूल में 1 अप्रैल 2025 को धूमधाम से प्रवेशोत्सव मनाया गया, जिसमें 800 से अधिक छात्राएं उपस्थित रहीं। इस विशेष अवसर पर भारतीय परंपराओं के साथ अतिथियों, प्राचार्य एवं शिक्षकों ने छात्राओं पर पुष्पवर्षा की, उन्हें माल्यार्पण कर मिष्ठान खिलाया और भेंट वस्तुएं प्रदान की। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन से हुई।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेन्द्र प्रताप तिवारी ने अपने संबोधन में छात्राओं को अनुशासन और नियमित विद्यालय आने के महत्व को बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, अपनी कमजोरियों को पहचानने और कठिन रास्ता अपनाने की प्रेरणा दी। इसके साथ ही, उन्होंने 201 मेधावी छात्राओं को लैपटॉप और एक छात्रा को स्कूटी देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में विद्यालय के अकादमिक, ई.एफ.ए., आई.सी.टी., और अन्य योजनाओं से छात्रों को अवगत कराया गया। स्कूल की अकादमिक प्रभारी सरोज जैन ने छात्राओं के उत्थान के लिए चल रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी। आई.सी.टी. प्रभारी अशोक पटैल ने विद्यालय में उपलब्ध 100 कम्प्यूटर लैब की सुविधा के बारे में बताया।

इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने लोकगीत गायन और लघु नाटिका का मंचन किया। शिक्षक श्री जयंत विश्वकर्मा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

जिला शिक्षा विभाग के आई.टी. समन्वयक श्री मनीष शर्मा ने विद्यालय में कौशल विकास शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि यहां के विद्यार्थी शतप्रतिशत प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होते हैं। समाज सेवी श्री गुलजारी लाल जैन ने शिक्षकों और छात्राओं के बीच समन्वय की अहमियत को बताया।

कार्यक्रम में छात्राओं और उनके अभिभावकों की उपस्थिति रही। विद्यालय की तरफ से शतप्रतिशत उपस्थिति वाली छात्राओं और कक्षा 9 एवं 11 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शुभा मिश्रा और डॉ. नाहिद परवीन खान ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती रंजीता जैन ने किया।

इस उत्सव में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और छात्रों का सहयोग सराहनीय रहा, और यह कार्यक्रम विद्यालय के सामूहिक प्रयासों का प्रतीक बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *