अनाज व्यापारी की दुकान से 1.50 लाख रुपए लेकर फरार हुआ चोर !

Spread the love

छतरपुर जिले के बड़ामलहरा अनुविभाग अंतर्गत भगवा थाना क्षेत्र की घुवारा चौकी के अंतर्गत आने वाले घुवारा मेन मार्केट में शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर ने अनाज व्यापारी राजू जैन की दुकान से 1 लाख 50 हजार रुपए नगद चोरी कर लिए। चोरी की यह घटना इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि दुकान में मौजूद लोगों को भनक तक नहीं लगी।

व्यापारी के बाहर जाते ही मिला मौका

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय व्यापारी राजू जैन कुछ देर के लिए अपने निजी काम से दुकान से लगे मकान के अंदर गए थे। इसी दौरान टीकमगढ़ रोड की ओर से एक अज्ञात व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ और वहां काम कर रहे कर्मचारी से अनाज के दाम पूछने लगा।

इसी बीच दुकान का कर्मचारी अन्य ग्राहकों को अनाज तौलने में व्यस्त हो गया। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने काउंटर में रखी 1.50 लाख रुपए की नकदी चुरा ली और चुपचाप मौके से फरार हो गया।

पैसे गायब मिलने पर मची अफरा-तफरी

कुछ देर बाद जब व्यापारी राजू जैन दुकान पर वापस लौटे और काउंटर की जांच की तो रुपए गायब मिले। उन्होंने तुरंत आसपास आरोपी की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद व्यापारी ने तत्काल घुवारा चौकी पहुंचकर पुलिस को चोरी की सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही घुवारा उप थाना प्रभारी मोहर सिंह सिकरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने व्यापारी को आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।

व्यापारियों में बढ़ती दहशत

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि घुवारा में चोरी की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। हर एक-दो महीने में किसी न किसी व्यापारी के साथ चोरी की घटना हो रही है, लेकिन अब तक किसी बड़े गिरोह या आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। लगातार हो रही इन घटनाओं से व्यापारी वर्ग भय और असुरक्षा के माहौल में कारोबार करने को मजबूर है।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *