इंदौर।
शहर के युवाओं को नशामुक्ति, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के संदेश से जोड़ने के उद्देश्य से 8 फरवरी को नेहरू स्टेडियम में यूथ वॉक-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सुबह 5 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और अब तक करीब 25 हजार युवाओं ने इसमें हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
पुलिस प्रशासन ने संभाली कमान, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डीसीपी सहित पुलिस अधिकारियों ने नेहरू स्टेडियम पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लेआउट प्लान के आधार पर मंच की व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग, सुरक्षा घेरा, पार्किंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान आयोजन मार्ग और ट्रैफिक डायवर्जन को अंतिम रूप दिया गया।
युवाओं को नशे से दूर रखने की पहल
कार्यक्रम के आयोजक रुद्राक्ष गोलू शुक्ला ने बताया कि यूथ वॉक-2026 का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखते हुए उन्हें सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना है। यह वॉक सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं में जागरूकता फैलाने और समाज को बेहतर दिशा देने का एक प्रयास है।

उन्होंने शहर के युवाओं और नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की है।
यह रहे कार्यक्रम का पूरा विवरण
तारीख: 8 फरवरी 2026
समय: सुबह 5 बजे
स्थान: नेहरू स्टेडियम, इंदौर
यूथ वॉक के चलते बदलेगा ट्रैफिक प्लान
यूथ वॉक-2026 के कारण रविवार सुबह शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। एसीपी जोन-3 हिंदूसिंह मुवेल ने बताया कि सुबह 5 बजे से वॉक समाप्त होने तक निर्धारित मार्गों पर इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सरवटे बस स्टैंड जाने वाली बसों के रूट भी बदले रहेंगे।
देवास से आने वाली बसों का बदला रूट
देवास से सरवटे बस स्टैंड जाने वाली बसें पीपल्याहाना से कृषि कॉलेज, डेली कॉलेज, आजाद नगर गोल चौराहा, नवलखा, अग्रसेन चौराहा होते हुए छावनी अनाज मंडी रोड और गुजराती कॉलेज के रास्ते सरवटे पहुंचेंगी।
खंडवा-खरगोन रूट की बसें
खंडवा और खरगोन से आने वाली बसें नवलखा से अग्रसेन चौराहा, छावनी अनाज मंडी रोड और अर्जुन प्याऊ होते हुए सरवटे बस स्टैंड पहुंचेंगी। वहीं सरवटे से निकलने वाली बसों को रीगल, मधु मिलन, गीताभवन और पीपल्याहाना होते हुए आगे रवाना किया जाएगा।
डायवर्जन पॉइंट्स पर ट्रैफिक पुलिस के जवानों के साथ वॉलंटियर्स भी तैनात रहेंगे ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पार्किंग की विशेष व्यवस्था
प्रतिभागियों के लिए मेडिकल हॉस्टल के सामने बंगला नंबर-4 के ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां आने वाली बसें व्हाइट चर्च से मेडिकल टी होते हुए पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगी। जरूरत पड़ने पर आसपास के अन्य खाली स्थानों पर भी वाहनों को पार्क कराया जाएगा।
3 किलोमीटर लंबी वॉक, हजारों युवा होंगे शामिल
करीब 3 किलोमीटर लंबी यह यूथ वॉक नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर जीपीओ, छावनी, मधु मिलन, एमवाय अस्पताल और शिवाजी वाटिका होते हुए वापस नेहरू स्टेडियम पहुंचेगी। इसमें शहर के कई स्कूलों, कॉलेजों और एकेडमियों के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रतिभागियों को आयोजन स्थल पर टी-शर्ट और कैप भी वितरित की जाएगी। यूथ वॉक-2026 को लेकर प्रशासन और आयोजक दोनों ही इसे एक प्रेरणादायक और ऐतिहासिक आयोजन बनाने में जुटे हुए हैं।