दतिया। जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहनजाट में शनिवार को अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा गांव के प्राचीन माता मंदिर की मूर्ति को खंडित किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना से गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया। मंदिर से लोगों की गहरी आस्था जुड़ी होने के कारण ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस एवं प्रशासन को सूचित किया। सूचना पर इंदरगढ़ थाना पुलिस के साथ तहसीलदार श्री दीपक यादव एवं थाना प्रभारी श्री गौरव शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

प्रशासन द्वारा खंडित मूर्ति को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रूप से थाने में रखवाया गया है, ताकि मामले की विधिवत जांच की जा सके और आगे की आवश्यक धार्मिक एवं कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा सके। इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
तहसीलदार श्री दीपक यादव ने बताया कि यह कृत्य असामाजिक एवं शरारती तत्वों द्वारा किया गया प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और दोषियों की तलाश लगातार जारी है। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने और मंदिर की मूर्ति की पुनः स्थापना कराने की मांग की है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है।