सागर। शहर में बादलों की आवाजाही के बाद अब मौसम पूरी तरह साफ हो गया है। आसमान साफ होने के साथ ही दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे उछाल आने लगा है। तेज धूप निकलने से दिन के समय ठंड लगभग गायब हो गई है, जबकि रात और सुबह के समय अभी भी सर्दी का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं अधिकतम तापमान 28 डिग्री के आसपास स्थिर बना हुआ है।
रविवार सुबह से ही सागर का मौसम साफ रहा और आसमान में धूप खिली रही। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, सूरज की तपिश भी बढ़ती गई, जिससे लोगों को हल्की गर्माहट का अहसास हुआ। हालांकि, इस दौरान चल रही हवाओं में अभी भी ठंडक बनी रही। शाम ढलते ही वातावरण में एक बार फिर ठंडक बढ़ने लगी, जबकि देर रात और अलसुबह के समय सर्दी का असर अपेक्षाकृत तेज बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सागर का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में खास बदलाव नहीं आया है, लेकिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में रात की ठंडक भी धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक सुबह और रात में सर्दी का असर बना रहेगा। इसके बाद दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। फिलहाल जिले में बारिश या कोहरे की कोई संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप खिलेगी, जबकि रात के समय हल्की ठंडक बनी रहेगी।
सागर के तापमान पर एक नजर
- अधिकतम तापमान : 28.7 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान : 13.9 डिग्री सेल्सियस
मौसम के इस बदलाव का असर जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है। दिन में लोग हल्के कपड़ों में नजर आ रहे हैं, जबकि सुबह-शाम अभी भी गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में सागर में धीरे-धीरे सर्दी विदा लेने लगेगी और गर्मी की दस्तक महसूस होने लगेगी।