खुरई नगर के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में गुरुद्वारे के पीछे चल रहे सीवरेज कार्य के दौरान पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते सोमवार को एक गली के लगभग 50 घरों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही, जिससे वार्डवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार को भी इसी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के दौरान गंदा पानी आने की शिकायतें सामने आई थीं। इससे वार्डवासियों में दहशत फैल गई थी और उन्हें आशंका थी कि कहीं पेयजल पाइपलाइन का कनेक्शन नाली के पानी से तो नहीं हो गया है। शिकायत मिलने के बाद नगर पालिका की जल प्रदाय टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया।
जांच में सामने आई सीवरेज कार्य की लापरवाही
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सीवरेज लाइन बिछाने के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे पानी में गंदगी की समस्या उत्पन्न हुई। एहतियातन सोमवार को प्रभावित गली की जल आपूर्ति को रोक दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार का दूषित पानी लोगों तक न पहुंचे।

अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
मामले की जानकारी मिलते ही सहायक यंत्री अविनाश रावत, उपयंत्री शैलेंद्र सिंह एवं जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभारी रामगोपाल अहिरवार ने मौके का दौरा किया। अधिकारियों के निर्देश पर मरम्मत दल द्वारा क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया।
खुरई नगर पालिका के जनसंपर्क अधिकारी जितेंद्र ने बताया कि पाइपलाइन की लीकेज को तेजी से ठीक किया जा रहा है और प्रयास है कि जल्द से जल्द जल आपूर्ति बहाल कर वार्डवासियों को राहत दी जा सके। नगर पालिका ने नागरिकों से मरम्मत कार्य पूर्ण होने तक सहयोग की अपील की है।
सागर: गोपालगंज थाना पुलिस ने अपहरण व लूट के चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल
सागर जिले के गोपालगंज थाना पुलिस ने अपहरण कर युवक के साथ मारपीट और लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की अंगूठी, वारदात में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक ऑटो, चाकू और डंडा जब्त किया है।
पुरानी रंजिश के चलते की गई वारदात
पुलिस के अनुसार, 6 फरवरी को फरियादी दीपक राय निवासी तिरुपतिपुरम ने गोपालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि वह एसबीआई कियोस्क सेंटर के पास अपनी बाइक लेकर खड़ा था। इसी दौरान आरोपी धीरज कोरी, अमन अहिरवार, विवेक जैन और एक नाबालिग इलेक्ट्रॉनिक ऑटो से वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब फरियादी ने विरोध किया तो आरोपी धीरज कोरी ने उसकी पीठ पर चाकू अड़ा दिया और जबरन ऑटो में बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे शहर में इधर-उधर घुमाते रहे और रास्ते में उसके साथ मारपीट करते रहे।

सुनसान इलाके में लूट और मारपीट
आरोपियों ने फरियादी को बाघराज वार्ड क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में ले जाकर चाकू की नोंक पर दोबारा मारपीट की और उसकी उंगली में पहनी सोने की अंगूठी लूट ली। किसी तरह जान बचाकर फरियादी मौके से भागा और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों के साथ गोपालगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, जुलूस निकालकर कोर्ट पेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर रविवार को आरोपी धीरज पिता महेश कोरी (34 वर्ष), अमन पिता अच्छेलाल अहिरवार (22 वर्ष), विवेक पिता वीरेंद्र जैन (23 वर्ष) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की अंगूठी बरामद की गई। साथ ही वारदात में उपयोग किया गया इलेक्ट्रॉनिक ऑटो, चाकू और डंडा भी जब्त किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का थाना क्षेत्र में जुलूस निकाला, जिससे आम जनता को अपराध से दूर रहने का संदेश दिया जा सके।
मुख्य आरोपी आदतन अपराधी
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि अपहरण और लूट के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी धीरज कोरी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।