खुरई में बाइक से ढाई लाख रुपये चोरी, ट्रैक्टर शोरूम के सामने वारदात !

Spread the love

खुरई। खुरई शहर में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। राहतगढ़ रोड स्थित एक ट्रैक्टर शोरूम के सामने खड़ी बाइक से अज्ञात चोर ढाई लाख रुपये से भरा थैला चोरी कर ले गया। घटना के बाद पीड़ित ने सोमवार देर शाम खुरई शहरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार विदिशा जिले के त्योंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मदनयाई निवासी भूपेन्द्र दांगी (34) अपने मामा के लड़के सौरभ दांगी के साथ भूसा मशीन खरीदने के लिए खुरई आए थे। दोनों राहतगढ़ रोड स्थित एक ट्रैक्टर एजेंसी पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बाइक शोरूम के बाहर खड़ी की।

भूपेन्द्र दांगी ने बताया कि उन्होंने बाइक के हैंडल पर ढाई लाख रुपये नगद से भरा थैला टांग दिया था। थैले में नगद राशि के अलावा आधार कार्ड, एयू स्मॉल बैंक और यूनियन बैंक की दो चेक बुक, शुगर की दवाइयां और मोबाइल चार्जर भी रखे हुए थे।

मशीन देखने के दौरान हुआ हाथ साफ

दोनों युवक जब भूसा मशीन देखने के लिए एजेंसी के गेट के अंदर चले गए, तभी किसी अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाया और बाइक से थैला चोरी कर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब भूपेन्द्र और सौरभ बाहर लौटे तो बाइक पर टंगा थैला गायब था। आसपास तलाश करने के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि इस संबंध में पीड़ित द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में व्यापारियों और आम लोगों के बीच चिंता का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर वाहन में नगद राशि या कीमती सामान असुरक्षित तरीके से न छोड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *