नई दिल्ली/कोलंबो। टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले हाईवोल्टेज मैच के कारण हवाई यात्रा और होटल बुकिंग के दाम आसमान छू रहे हैं। अगर आप 14 या 15 फरवरी को फ्लाइट से कोलंबो जाना चाहते हैं तो टिकट की कीमतें आम दिनों की तुलना में लगभग पांच गुना तक बढ़ गई हैं।
मेकमायट्रिप की वेबसाइट पर मंगलवार (10 फरवरी) को दिल्ली-मुंबई से कोलंबो के लिए फ्लाइट का किराया एक पैसेंजर के लिए ₹1.45 लाख तक दिखा। आम दिनों में यही डायरेक्ट फ्लाइट का किराया करीब ₹30 हजार के आसपास रहता है। वहीं, कोलंबो में बड़े होटलों का किराया भी ₹1.14 लाख तक पहुंच गया है।
दिल्ली से कोलंबो: 4 घंटे की यात्रा
दिल्ली से कोलंबो डायरेक्ट फ्लाइट से लगभग 4 घंटे लगते हैं। 14 फरवरी को एअर इंडिया की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया ₹90 हजार से ₹1.09 लाख तक है। इसी दिन श्रीलंकन एयरलाइंस का किराया ₹65 हजार से ₹1.45 लाख तक दिखा।

15 फरवरी को मैच के दिन शाम 7 बजे से पहले एअर इंडिया की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया ₹1.09 लाख है, जबकि श्रीलंकन एयरलाइंस का किराया ₹66 हजार तक दिखा।
मुंबई से कोलंबो: 3 घंटे की यात्रा
मुंबई से कोलंबो डायरेक्ट फ्लाइट में करीब 3 घंटे लगते हैं। 14 फरवरी को एअर इंडिया की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया ₹90 हजार और श्रीलंकन एयरलाइंस का किराया ₹56 हजार तक था।
15 फरवरी को शाम 7 बजे से पहले मुंबई-कोलंबो एअर इंडिया फ्लाइट का किराया ₹28 हजार और श्रीलंकन एयरलाइंस का ₹66 हजार था।

होटल की कीमतें बढ़ीं, गेस्ट हाउस सस्ते
कोलंबो में 14 और 15 फरवरी को 3 स्टार, 4 स्टार और 5 स्टार होटलों में 2 लोगों के लिए रूम बुक करने पर एक रात का किराया ₹1.14 लाख तक पहुंच गया। आम दिनों में यह किराया लगभग ₹40 हजार होता है। हालांकि, छोटे होटलों और गेस्ट हाउस में 2 से 3 हजार रुपए में भी रूम उपलब्ध हैं।
टूरिज्म इंडस्ट्री को मिलेगा बड़ा फायदा
श्रीलंका की टूरिज्म इंडस्ट्री इस समय आर्थिक संकट से जूझ रही है। श्रीलंका सेंट्रल बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी 2026 में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के बावजूद कमाई में 5.6% की गिरावट आई। जनवरी 2025 में टूरिज्म से होने वाली कमाई 400 मिलियन डॉलर (लगभग 3,622 करोड़ रुपए) थी, जबकि जनवरी 2026 में यह गिरकर 378 मिलियन डॉलर (लगभग 3,423 करोड़ रुपए) रह गई।
भारत-पाकिस्तान मैच के कारण उम्मीद जताई जा रही है कि बड़ी संख्या में भारतीय और पाकिस्तानी फैंस कोलंबो पहुंचेंगे और वहां की टूरिज्म इंडस्ट्री को सहारा मिलेगा।