जैसीनगर की अंजली को मिला ‘प्रशासनिक संबल’, कलेक्टर ने घर पहुंचकर दी सेहत और पोषण की सलाह !

Spread the love

सागर, 11 फरवरी 2026

सागर जिले में प्रशासनिक संवेदनशीलता की एक अनूठी मिसाल सामने आई, जब कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मिली जानकारी के आधार पर स्वयं जैसीनगर विकासखंड के ग्राम जैसीनगर पहुंचकर गर्भवती महिला अंजली पति कुंवर सिंह चढ़ार के घर पहुंचे। कलेक्टर ने बड़े भाई की तरह उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी।

जनसुनवाई के दौरान अंजली के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी मिली थी, जिसके बाद कलेक्टर ने व्यक्तिगत रूप से स्थिति का जायजा लेने का निर्णय लिया। बातचीत के दौरान यह सामने आया कि गर्भवती अंजली का हीमोग्लोबिन स्तर कम है। इस पर कलेक्टर ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए नियमित ब्लड जांच कराने, डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेने और तनाव से दूर रहने की हिदायत दी।

उन्होंने गर्भवती महिला को पौष्टिक आहार लेने पर जोर दिया। दूध, फल, हरी सब्जियां, दालें, ड्राई फ्रूट्स और प्रोटीन युक्त भोजन नियमित रूप से लेने की सलाह दी, ताकि एनीमिया जैसी समस्याओं से बचा जा सके। कलेक्टर ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित पोषण मां और शिशु दोनों के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, प्रसव पूर्व जांच, पोषण सहायता और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया तथा सुरक्षित प्रसव की शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने आमजन से अपील की कि प्रसव के लिए संस्थागत प्रसव को ही प्राथमिकता दें, जिससे आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को शून्य करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और स्वास्थ्य विभाग इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रहा है।

इस दौरान कलेक्टर ने बीएमओ और स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि अंजली सहित क्षेत्र की सभी गर्भवती महिलाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। प्रसव के समय 108 एम्बुलेंस की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गर्भावस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पौष्टिक आहार और शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
78060077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *