बीना। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा दीनदयाल पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को आज के समय में भी अत्यंत प्रासंगिक बताया।
नगर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद का दर्शन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि उनका विचार था कि विकास का केंद्र बिंदु व्यक्ति हो, लेकिन वह व्यक्ति समाज और राष्ट्र से जुड़ा हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मानव सेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।

जनपद पंचायत अध्यक्ष उषा राय ने कहा कि संगठनात्मक कार्यों में सेवा भाव की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता समर्पण और निष्ठा के साथ समाज के बीच काम करते हैं, तभी सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन को सादगी, त्याग और समर्पण का प्रतीक बताया।
पूर्व विधायक धरमू राय ने अपने उद्बोधन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के त्यागमय जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानते हुए अपना संपूर्ण जीवन समाज को समर्पित कर दिया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके सिद्धांत आज भी संगठन को दिशा प्रदान करते हैं।
मुख्य कार्यक्रम के साथ ही नगर मंडल के विभिन्न शक्ति केंद्रों एवं बूथ स्तर पर भी पुण्यतिथि कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर पर भी प्रतिमाओं एवं चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और संगठन विस्तार का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में विजय हुरकट, ज्योति दुबे, मनोज शर्मा, पूर्व नपा अध्यक्ष नीतू राय, संतोष ठाकुर, रतन यादव, बलराम राय, संजीव बोथ, सोनाली राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री आलेख राय, नंद किशोर चौधरी एवं नटवर भटनागर ने किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।