खुरई। शहरी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आचार्य विद्यासागर तिराहा के पास घेराबंदी कर एक युवक को साढ़े तीन किलो से अधिक गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित रूप से गांजा बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 36 हजार रुपए कीमत का गांजा जब्त किया है।
थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सागर रोड स्थित आचार्य विद्यासागर तिराहा के पास एक व्यक्ति बड़े थैले में गांजा लेकर खड़ा है और ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना किया।

पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बलराम अहिरवार निवासी खुरई बताया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद जब उसके थैले की तलाशी ली गई, तो उसमें से 3 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर ही गांजे को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 36 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाया था और शहर में किसे सप्लाई करने वाला था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।