खुरई। विधायक कार्यालय स्थित पुराना बंगला खुरई में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवा नेता अविराज सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अविराज सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अत्यंत शांत, सौम्य और सरल व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने भारतीय राजनीति को नई दिशा देते हुए ‘अंत्योदय’ की विचारधारा को आगे बढ़ाया। उनका मानना था कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति का कल्याण ही सच्चे विकास का आधार है। जब तक पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति का उत्थान नहीं होगा, तब तक भारत पूर्ण रूप से सफल नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा कि पंडित जी की सोच थी कि हर गरीब की थाली में भोजन हो और समाज का प्रत्येक वर्ग समान रूप से आगे बढ़े। “सब एक हैं और सबको एक मानना है” की भावना भारतीय संस्कृति और लोकतंत्र का मूल आधार है। उन्होंने सेवा को सर्वोच्च धर्म बताते हुए कहा कि गरीबों की सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।
अविराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा संचालित उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के संकल्प को समर्पित हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सादगी, विनम्रता और आत्मसंयम को अपने जीवन में अपनाएं। पंडित जी का जीवन त्याग और सादगी का प्रतीक था।

उन्होंने स्वदेशी को आत्मनिर्भर भारत का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि हमें अपनी आवश्यकताओं के लिए विदेशी वस्तुओं पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य करना चाहिए। राजनीति को उन्होंने जनसेवा का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि गलत मार्ग से कभी सही उद्देश्य की प्राप्ति नहीं हो सकती।
अविराज सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भारत को एक जीवंत राष्ट्रपुरुष मानते थे और संगठन की मजबूती को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते थे। शिक्षा के विषय में उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्ति का संपूर्ण विकास होना चाहिए। पंडित जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए समर्पित किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अविराज सिंह ने 15 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे भूतेश्वर मंदिर मुक्तिधाम खुरई से निकलने वाली महाकाल की महाबारात के आमंत्रण पत्रों का वितरण झंडा चौक के पास किया।
कार्यक्रम में राहुल चौधरी (खुरई मंडल अध्यक्ष), रविन्द्र राजपूत (ग्रामीण मंडल अध्यक्ष), राजपाल सिंह राजपूत (धनौरा मंडल अध्यक्ष), जमुना प्रसाद अहिरवार (जनपद अध्यक्ष), नीतिराज पटेल (पार्षद), देशराज यादव (पार्षद), प्रवीण जैन (विधायक प्रतिनिधि, नपा), ओमप्रकाश घोरट, इन्द्रकुमार राय (पार्षद), रामशास्त्री शुक्ला, मनोज दुबे (पार्षद), काशीराम अहिरवार, महेश विश्वकर्मा, भगवत ठाकुर, आकाश परिहार, बसंत सत्संगी, जयराम अहिरवार (पार्षद), प्रकाश साहू, शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुरई के प्राचार्य के.पी. यादव, श्रीमती रजनी रैकवार, बादाम सिंह ठाकुर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।