सागर। मकरोनिया क्षेत्र में स्थित ‘उपसरपंच चाय दुकान’ के संचालक पर बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। दुकान में घुसकर की गई मारपीट की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि घटना बुधवार की है।
सीसीटीवी फुटेज में दो युवक दुकान में घुसते नजर आ रहे हैं। इनमें से एक युवक के हाथ में बका जैसा धारदार हथियार दिखाई दे रहा है। वह सीधे काउंटर के पास पहुंचता है, जहां संचालक कुर्सी पर बैठा था, और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर देता है। अचानक हुए हमले से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद ग्राहक जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे।

कुछ ही मिनटों में मारपीट कर आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में दुकान संचालक अरविंद आठिया घायल हो गए। उनके शरीर पर चोटों के निशान हैं। घटना के बाद वे मकरोनिया अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार किया गया।
फरियादी अरविंद आठिया निवासी ज्योति नगर ने मकरोनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे रचना मेडिकल के पास ‘उपसरपंच’ नाम से चाय दुकान संचालित करते हैं। बुधवार को दो युवक चाय पीने आए थे। चाय पीने के बाद वे बिना पैसे दिए जाने लगे। जब उनसे चाय के पैसे मांगे गए तो वे वहां से चले गए।

अरविंद के अनुसार, कुछ देर बाद वही युवक अपने अन्य साथियों के साथ हाथों में हथियार लेकर वापस आए और उनके साथ मारपीट करने लगे। स्थानीय दुकानदारों और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।