दमोह। स्टेशन के पास पथरिया फाटक रेलवे ट्रैक पर बुधवार रात एक बुजुर्ग ट्रेन हादसे का शिकार हो गया। हादसे में उसका एक हाथ और एक पैर कट गया। गंभीर हालत में उसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायल की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
घटना रात करीब 11 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बुजुर्ग काफी देर तक ट्रैक पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। आरोप है कि सूचना के बावजूद मौके पर रेलवे पुलिस या संबंधित अधिकारी समय पर नहीं पहुंचे।

कार्यकर्ताओं ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलने पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेलवे प्रशासन को सूचना दी, लेकिन लगभग एक घंटे तक कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा। बाद में आरपीएफ पुलिस मौके पर आई। स्थिति की गंभीरता देखते हुए कार्यकर्ताओं ने स्वयं एंबुलेंस बुलाकर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया।

लापरवाही के आरोप, जांच की मांग
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देर से पहुंचे कुछ अधिकारियों ने वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई और धमकी दी। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। कार्यकर्ताओं ने रेल मंत्री से मामले की जांच कर लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
घायल बुजुर्ग की हालत गंभीर है और वह बोलने में असमर्थ बताया जा रहा है। पुलिस उसकी पहचान के प्रयास कर रही है और मामले की जांच जारी है।