सागर जिले के खुरई में बीना नदी के संचित जल से अवैध रूप से सिंचाई किए जाने का मामला सामने आने के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया। गुरुवार दोपहर सीएमओ राजेश मेहतेले ने टीम के साथ नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया और मौके से सिंचाई में लगी चार मोटर जब्त कर किसानों को सख्त चेतावनी दी।
यह कार्रवाई नदी के उस हिस्से में की गई जहां से नगर की पेयजल आपूर्ति के लिए पानी स्टोर किया जाता है।
खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया प्रशासन
स्थानीय स्तर पर मामले के सामने आने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ के साथ उपयंत्री शैलेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने जल आपूर्ति प्रभारी रामगोपाल अहिरवार को निर्देश दिए कि संचित जल का उपयोग केवल नगरवासियों की पेयजल जरूरतों के लिए किया जाए और किसी भी हालत में खेती के लिए पानी नहीं दिया जाए।
अवैध सिंचाई पर रखी जाएगी विशेष निगरानी
सीएमओ ने सख्त लहजे में कहा कि
- संचित जल से सिंचाई की अनुमति नहीं दी जाएगी
- स्टॉपेज में जल स्तर बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी होगी
- नदी के ऊपरी हिस्से में रुके पानी को मुख्य स्टॉपेज की ओर मोड़ा जाएगा
अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

नगरवासियों को आश्वासन — नहीं होगा जल संकट
सीएमओ राजेश मेहतेले और नगर पालिका अध्यक्ष नन्हीबाई अहिरवार ने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि इस वर्ष गर्मियों में खुरई में पानी की किल्लत नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि नगर में स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति निरंतर जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि पानी का सदुपयोग करें और जल संरक्षण में सहयोग दें।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब नदी क्षेत्र में अवैध सिंचाई पर कड़ी नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।