होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने जबलपुर और हजरत निजामुद्दीन के बीच साप्ताहिक होली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त यात्री दबाव को कम करने और त्योहार पर घर जाने वाले लोगों को सुविधा देने के उद्देश्य से यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन में वातानुकूलित (AC), शयनयान (Sleeper) और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे, ताकि विभिन्न श्रेणी के यात्री लाभ उठा सकें।
जबलपुर–निजामुद्दीन होली स्पेशल (01701)
गाड़ी संख्या 01701 जबलपुर–निजामुद्दीन होली स्पेशल 2 मार्च और 9 मार्च 2026 (सोमवार) को जबलपुर से रात 8:20 बजे प्रस्थान करेगी।

यह ट्रेन क्रमशः कटनी मुड़वारा (9:35 बजे), दमोह (10:55 बजे), अगले दिन सागर (12:15 बजे), वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (5:50 बजे), ग्वालियर (7:30 बजे), आगरा कैंट (9:30 बजे), मथुरा जंक्शन (11:10 बजे) और कोसी कला (11:43 बजे) पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 2:25 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी।
निजामुद्दीन–जबलपुर होली स्पेशल (01702)
वापसी में गाड़ी संख्या 01702 निजामुद्दीन–जबलपुर होली स्पेशल 3 मार्च और 10 मार्च 2026 (मंगलवार) को निजामुद्दीन से शाम 3:45 बजे रवाना होगी।
यह ट्रेन कोसी कला (4:50 बजे), मथुरा जंक्शन (5:45 बजे), आगरा कैंट (7:15 बजे), ग्वालियर (10:10 बजे), वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (11:50 बजे), सागर (3:30 बजे), दमोह (4:40 बजे) और कटनी मुड़वारा (6:10 बजे) होते हुए अगले दिन सुबह 9:30 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे का कहना है कि होली के अवसर पर जबलपुर, बुंदेलखंड और ग्वालियर–आगरा क्षेत्र से दिल्ली की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में हर साल उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय पर आरक्षण कराकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।