लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज पांचवें दिन भी चर्चा और हंगामे के बीच जारी रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपने अभिभाषण में वंदे मातरम को लेकर भी जोरदार टिप्पणी की और कहा कि पार्टी में इसे लागू किया जाना चाहिए, विरोध करने वालों को बाहर किया जाना चाहिए।
विकास और कानून-व्यवस्था पर योगी का बयान
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी वर्गों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है और 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुके हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “यह यात्रा सिर्फ सत्ता पाने के लिए नहीं है। कर्फ्यू से कानून के राज की यात्रा तय की गई। अब यूपी बीमारू राज्य नहीं है। पहले युवाओं के सामने पहचान का संकट था, हमने यूपी की तस्वीर बदल दी।”
उन्होंने त्रिवेणी प्रयागराज का उदाहरण देते हुए कहा कि यूपी अब सुरक्षा और विकास का प्रतीक बन गया है। योगी ने कहा, “जहां बीजेपी की सरकार, वहां सुरक्षा है। यूपी में अब न कर्फ्यू है, न दंगा है, सब चंगा है। पहले यहां विकास विरोधी सोच थी।”

विपक्ष पर तीखा हमला
योगी ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी छवि खराब करना अचानक नहीं हुआ, बल्कि सपा के आचरण और उनके रवैये से यूपी की स्थिति पहले खराब थी। उन्होंने कहा कि पहले सपा की वजह से बिटिया घबराती थी, और अविश्वास की स्थिति से आज आत्मविश्वास की यात्रा पूरी हुई।
सदन में सीएम ने पुलिस बल की ट्रेनिंग क्षमता बढ़ाने और माफिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात भी की। उन्होंने कहा कि “माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ने जाएंगे।”
विधानसभा का माहौल
सदन में सीएम के अभिभाषण के दौरान भाजपा विधायकों ने तालियों और हल्ला बोलकर समर्थन जताया। वहीं विपक्ष लगातार अपनी दलीलों के साथ बहस करता रहा। योगी का यह संबोधन सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालने के साथ-साथ विपक्ष को कटघरे में खड़ा करने वाला रहा।