बीना स्थित मां जागेश्वरी मंदिर में शनिवार को सांई बाबा का 27वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देर रात तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर में भव्य सांई रथ यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रविवार को प्रतिमाओं का विसर्जन बेतवा नदी के घाट पर किया जाएगा।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा मां जागेश्वरी मंदिर से प्रारंभ होकर कच्चा रोड, सर्वोदय चौक, गांधी तिराहा और महावीर चौक होते हुए मां शक्ति पीठ पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का स्वागत किया।

आकर्षक झांकियां रहीं मुख्य आकर्षण
रथ यात्रा में सबसे आगे भगवान गणेश का रथ चल रहा था। उसके पीछे पवन पुत्र हनुमान की झांकी और फिर सांई बाबा की पालकी यात्रा शामिल थी। अंत में सुसज्जित रथ पर सांई बाबा विराजमान थे। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ रथ खींचा और “सांई राम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना दिया।
यात्रा के दौरान गरबा, शिव तांडव और श्रीराधा-कृष्ण भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए गए। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर युवा और महिलाएं झूमते नजर आए। कलाकारों ने राधा रानी और कृष्ण के रूप में आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

पालकी को कंधों पर उठाकर पूरी की यात्रा
श्रद्धालुओं ने बाबा की पालकी को अपने कंधों पर उठाकर यात्रा पूरी की। पालकी में विराजमान बाबा की प्रतिमा और चरण पादुका का विधि-विधान से पूजन किया गया। जगह-जगह यात्रा का स्वागत कर प्रसाद वितरण भी किया गया।

आज होगा प्रतिमाओं का विसर्जन
आयोजकों के अनुसार रविवार को सांई बाबा, भगवान गणेश और भगवान हनुमान की प्रतिमाओं का विसर्जन बेतवा नदी के घाट पर विधिपूर्वक किया जाएगा।
इस अवसर पर आलेख राय, डॉ. प्रकाश अग्रवाल, मनोज अहिरवार, नीलेश सूर्यवंशी, मयंक रिछारिया, उदय, पंडित दीनदयाल, भरत नामदेव, विनोद तोमर, जय कुमार राय, सांई शिवेश राय और कौशिकी राय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।