खुरई में 6 किमी लंबी शाही शिव बारात, 7 घंटे तक गूंजता रहा ‘हर-हर महादेव’

Spread the love

खुरई। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर खुरई नगर शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। भूतेश्वर मंदिर से भगवान शिव की भव्य शाही बारात निकाली गई, जो करीब 6 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 7 घंटे तक नगर भ्रमण करती रही। स्टेशन चौराहा से परसा चौराहा तक का पूरा इलाका शिवभक्तों की भीड़ से पटा रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ दूल्हा बने भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए।


25 साल पूरे, आयोजन बना और खास

शिव शाही शादी समिति के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस बार आयोजन को विशेष रूप से भव्य बनाया गया। बारात में मथुरा, जबलपुर, कटनी और सागर से आए कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। डीजे की धुन, पारंपरिक बैंड और धार्मिक संगीत के संगम ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

इस वर्ष हल्दी, मेहंदी, मंगलसूत्र और वरमाला जैसी वैवाहिक रस्मों को दर्शाने वाले नौ चलित मंडपों की झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने इन झांकियों का जगह-जगह स्वागत कर पुष्प वर्षा की।


70 झांकियां, 16 डीजे और 13 बग्गियां

शाही बारात की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसमें 70 झांकियां, 16 डीजे, 13 बग्गियां और 7 बैंड शामिल रहे। ऋषि-मुनि, सुर-असुर, अघोरी और भूत-पिशाचों के वेश में सजे कलाकारों ने शिव बारात के पारंपरिक स्वरूप को जीवंत कर दिया।

खुले ट्रालों पर वृंदावन की रासलीला और शिव तांडव का सजीव मंचन हुआ। सबसे पीछे सजे-धजे वाहन पर ‘दूल्हे राजा’ भगवान शिव की प्रतिमा नगर भ्रमण पर निकली, जिसे देखने के लिए लोग घरों की छतों और सड़कों पर उमड़ पड़े।


पुष्प वर्षा, प्रसाद और कड़ी सुरक्षा

बारात के दौरान तोप से पुष्प वर्षा और रंगीन कागजों की बारिश की गई, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा खीर, मिष्ठान और जल के स्टॉल लगाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन और समिति के बीच बेहतर तालमेल रहा। पूरे मार्ग में पुलिस जवान तैनात रहे और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *