सागर। मकरोनिया थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। ठग ने 63 वर्षीय बुजुर्ग को बातों में उलझाकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और बाद में खाते से 3 लाख 34 हजार 800 रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एटीएम में मौजूद युवक ने बदल दिया कार्ड
मकरोनिया निवासी विष्णु प्रसाद पटेल (63) के अनुसार वे बैंक ऑफ इंडिया मकरोनिया के एटीएम पर पैसे निकालने पहुंचे थे। एटीएम के अंदर पहले से मौजूद एक अज्ञात युवक ने मदद करने के बहाने उनसे बातचीत शुरू की और इसी दौरान उनका कार्ड बदल दिया। उन्हें इसकी भनक नहीं लगी और वे घर लौट आए।

कुछ दिन बाद जब उन्होंने खाते की जांच की तो बैलेंस कम मिला। शक होने पर बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाया तो ठगी का खुलासा हुआ।
13 ट्रांजेक्शन में अलग-अलग शहरों से निकाली रकम
बैंक स्टेटमेंट के अनुसार आरोपी ने 13 अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर खाते से कुल 3,34,800 रुपए निकाल लिए।
- तीन ट्रांजेक्शन पीओएस मशीन से किए गए
- रकम सागर के अलावा सिवनी और हरियाणा के हिसार से भी निकाली गई
पीड़ित का कहना है कि वे इन शहरों में गए ही नहीं, जिससे साफ है कि किसी संगठित गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस और साइबर सेल कर रही जांच
घटना की शिकायत मकरोनिया थाने और साइबर सेल में दी गई है। पुलिस बैंक से प्राप्त जानकारी के आधार पर ट्रांजेक्शन लोकेशन ट्रेस कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में एटीएम कार्ड स्वैपिंग गैंग की आशंका जताई जा रही है।
सावधानी जरूरी
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम उपयोग करते समय किसी अजनबी की मदद न लें, पिन साझा न करें और कार्ड बदलने की आशंका होने पर तुरंत बैंक और हेल्पलाइन पर सूचना दें।