प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर बुजुर्ग महिला से ठगी, नकद और जेवर लेकर फरार !

Spread the love

दतिया जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना का झांसा देकर 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला से ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी युवक महिला को बाइक पर बैठाकर दतिया ले गया और 10 हजार रुपए नकद सहित सोने के जेवर ठगकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


मंदिर जाते समय मिला आरोपी

कुरथरा निवासी लल्लाबेटी अहिरवार (पत्नी जगन्नाथ अहिरवार) ने पुलिस को बताया कि 10 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे वह गांव की भगवती अहिरवार के साथ बड़ौनी माता मंदिर जल चढ़ाने जा रही थीं।

गांव के अस्पताल के पास एक अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से आया और बातचीत करते हुए दोनों महिलाओं को अपनी बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में उसने खुद को जानकार बताते हुए भरोसा जीतने की कोशिश की।


फोटो दिखाकर कहा – आवास स्वीकृत हो गया

आरोपी ने महिला को मोबाइल में एक फोटो दिखाते हुए कहा कि उसका प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो चुका है और वह कागजी प्रक्रिया पूरी कराने में मदद करेगा।

भरोसा दिलाकर वह दोनों को सोनागिर रोड होते हुए दतिया ले गया। वहां पहुंचकर उसने आवास दिलाने के नाम पर महिला से 10 हजार रुपए निकलवा लिए।


पैसे कम पड़े तो उतरवाए जेवर

इसके बाद आरोपी महिला को अस्पताल के पास ठंडी सड़क क्षेत्र में ले गया और और पैसे की मांग करने लगा। जब महिला ने पैसे खत्म होने की बात कही, तो उसने उसके कान के फूल और मंगलसूत्र उतरवा लिए।

वारदात के बाद युवक बुजुर्ग महिला को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।


नाती के साथ पहुंचकर दर्ज कराई रिपोर्ट

घटना के कुछ दिन बाद पीड़िता अपने नाती के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

टीआई दिनेश राजपूत ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


लोगों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि सरकारी योजनाओं के नाम पर किसी अज्ञात व्यक्ति पर भरोसा न करें और किसी भी तरह की रकम या जेवर न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि इस प्रकार की ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *