भोपाल: मैरिज रिसेप्शन में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, 50 फीट तक उठीं लपटें !

Spread the love

भोपाल। राजधानी भोपाल में एक मैरिज रिसेप्शन के दौरान गैस सिलेंडर में भीषण ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। आग की लपटें करीब 50 फीट तक ऊपर उठती दिखाई दीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी समारोह में आए लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। भोपाल के भौंरी स्थित होटल प्ले एंड रिसोर्ट में शादी का रिसेप्शन चल रहा था, तभी अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

आग फैलते ही वहां रखा एक गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके के बाद लपटें तेजी से फैल गईं और पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि जिस स्थान पर आग लगी, वहां उस समय कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि, लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस जगह सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ, वहां कुछ देर पहले तक गाड़ियां खड़ी थीं। यदि उस समय विस्फोट होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

तीन फायर स्टेशनों से पहुंचीं दमकलें

सूचना मिलते ही गांधीनगर, बैरागढ़ और फतेहगढ़ फायर स्टेशन से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात 12 बजे तक आग पर काबू पाया। एहतियातन दमकलें देर रात तक मौके पर तैनात रहीं, क्योंकि धुआं निकलता रहा।

जेसीबी से हटाया गया मलबा

आगजनी के बाद क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हादसे ने एक बार फिर बड़े आयोजनों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *