भोपाल: नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर ठगी की कोशिश !

Spread the love

भोपाल। राजधानी में सीनियर आईएएस अधिकारी और संस्कृति जैन के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास किया गया है। संस्कृति जैन वर्तमान में भोपाल नगर निगम की कमिश्नर हैं। पिछले चार महीनों में यह दूसरी बार है जब उनके नाम का दुरुपयोग कर पैसे मांगने की कोशिश सामने आई है।

सहायक यंत्री को भेजे गए संदिग्ध मैसेज

जानकारी के अनुसार, निगम के सहायक यंत्री (एई) विजय गोयल को कमिश्नर के नाम और फोटो का उपयोग कर बनाए गए फर्जी अकाउंट से तीन मैसेज भेजे गए। अज्ञात व्यक्ति ने एक विदेशी नंबर (+84 से शुरू) का इस्तेमाल करते हुए प्रोफाइल फोटो में कमिश्नर की तस्वीर लगाई और पैसों की मांग की।

मैसेज की भाषा और नंबर देखकर विजय गोयल को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत उस अकाउंट को ब्लॉक किया और पूरे मामले की जानकारी कमिश्नर संस्कृति जैन को दी। सतर्कता के कारण संभावित ठगी टल गई।

पहले भी हो चुकी है ऐसी कोशिश

इससे पहले 7 नवंबर 2025 को भी संस्कृति जैन के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर पैसों की मांग की गई थी। उस समय भी उन्होंने सार्वजनिक रूप से लोगों को सचेत किया था कि उनके नाम से किसी भी तरह की धनराशि की मांग की जाए तो उसे नजरअंदाज करें और तुरंत सूचना दें।

कमिश्नर ने जारी की एडवाइजरी

ताजा मामले को गंभीरता से लेते हुए संस्कृति जैन ने पुनः एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि कोई उनके नाम, फोटो या डीपी का उपयोग कर पैसे मांगता है, तो उसे बिल्कुल अनदेखा करें और तत्काल उन्हें या संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

कौन हैं संस्कृति जैन?

संस्कृति जैन तीन बार यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर चुकी हैं और वर्ष 2014 में अखिल भारतीय स्तर पर 11वां स्थान प्राप्त किया था। हाल ही में प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें भोपाल नगर निगम का कमिश्नर बनाया गया है। वह नगर निगम में तीसरी महिला कमिश्नर हैं।

पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर या सोशल मीडिया अकाउंट से पैसे संबंधी संदेश मिलने पर सावधानी बरतें और सत्यापन अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *