महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, रसोई संसद’ लगाकर थाली-बेलन से जताया विरोध !

Spread the love

भोपाल। विधानसभा सत्र के दौरान मंगलवार को राजधानी में महंगाई के मुद्दे पर महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेठिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर बैठकर थाली बजाई और प्रतीकात्मक रूप से रोटियां बेलकर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान महिलाएं खाली कड़ाही, चकला-बेलन और गैस सिलेंडर लेकर पहुंचीं। उनका कहना था कि महंगाई ने रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। दाल, अनाज, खाद्य तेल और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से मध्यमवर्ग और गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। कई परिवार गैस सिलेंडर तक नहीं भरवा पा रहे हैं।

‘रसोई संसद’ नाम दिया प्रदर्शन को

महिला कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन को ‘रसोई संसद’ नाम दिया। रीना बोरासी सेठिया ने चेतावनी दी कि यदि 18 फरवरी को पेश होने वाले बजट में महंगाई से राहत नहीं दी गई तो 19 फरवरी को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि उज्ज्वला योजना के तहत कई हितग्राही गैस सिलेंडर नहीं भरवा पा रहे हैं। उनके अनुसार प्रदेश में करीब 16 लाख लाभार्थी ऐसे हैं जिन्होंने एक भी सिलेंडर रिफिल नहीं कराया। आदिवासी क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों को अब भी जंगल से लकड़ियां लाकर चूल्हा जलाना पड़ रहा है।

कार्यकर्ता रूपाली शर्मा ने मांग रखी कि गैस सिलेंडर की कीमत 400 रुपए की जाए, ताकि आम परिवारों को राहत मिल सके। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *