राजपाल यादव को 30 दिन की अंतरिम जमानत, बाहर आते ही इंडस्ट्री से काम की अपील !

Spread the love

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें 30 दिनों की अंतरिम जमानत दे दी है। जेल से बाहर आने के बाद अभिनेता ने मीडिया से बातचीत में अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से एक बार फिर अच्छे और सार्थक किरदार देने की अपील भी की।

इंडिया टीवी से बातचीत में राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें अपने पूरे करियर में बच्चों से लेकर हर पीढ़ी के दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। उन्होंने कहा, “आप सभी के सपोर्ट के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं आज जो भी हूं, दर्शकों के आशीर्वाद और प्यार की वजह से हूं।” उन्होंने सोशल मीडिया पर समर्थन देने वालों के साथ-साथ आलोचना करने वालों का भी धन्यवाद किया।

इंडस्ट्री से मांगा साथ

राजपाल यादव ने खुलकर कहा कि उन्हें अब अच्छे रोल्स की जरूरत है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों से अपील करते हुए कहा कि जिन्होंने पहले उनका साथ दिया, वे एक बार फिर उन्हें मजबूत किरदारों में मौका दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फीस को लेकर वे लचीले हैं और जो भी पारिश्रमिक तय किया जाएगा, उस पर काम करने को तैयार हैं।

उनका कहना है कि वे अपने अभिनय के दम पर दोबारा दर्शकों के दिलों में जगह बनाना चाहते हैं और इसके लिए पूरी मेहनत करेंगे।

क्यों हुआ था जेल?

दरअसल, साल 2010 में राजपाल यादव ने फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड नामक एक निजी कंपनी से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, जिसके बाद अभिनेता को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा।

कर्ज की रकम समय पर वापस न कर पाने के कारण कंपनी को दिए गए चेक बाउंस हो गए। इसके बाद उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई। हालांकि दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिशें हुईं, लेकिन पूरी राशि का भुगतान नहीं हो सका और समय के साथ ब्याज जुड़ने से कर्ज की रकम बढ़ती गई।

साल 2018 में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए छह महीने की सजा सुनाई थी। इसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट में अपील दायर की। कोर्ट से उन्हें समय-समय पर राहत मिलती रही, क्योंकि उन्होंने भुगतान और समझौते का भरोसा दिया था।

हालांकि, हाल ही में हाई कोर्ट ने पूर्व में दी गई रियायतों को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया और 4 फरवरी तक आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया। आदेश के बाद राजपाल यादव ने 5 फरवरी को शाम करीब 4 बजे सरेंडर किया था।

अब 30 दिनों की अंतरिम जमानत मिलने के बाद अभिनेता के पास कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और बकाया राशि के निपटारे के लिए समय है। फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुके राजपाल यादव के लिए यह दौर चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन वे उम्मीद जता रहे हैं कि दर्शकों का प्यार और इंडस्ट्री का साथ उन्हें फिर से मजबूती से खड़ा करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *