छतरपुर। शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला उस समय सामने आया, जब स्कूल से लौट रहे सातवीं कक्षा के एक छात्र को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
टिफिन देकर लौट रहा था घर

परिजनों के अनुसार, छात्र सुबह अपने छोटे भाई को स्कूल में टिफिन देने गया था। टिफिन देने के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया।
हादसे में उसके चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी।
चालक मौके से फरार

घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए। छात्र की मां रोशनी वासुदेव ने बताया कि दुर्घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर में तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर नियंत्रण नहीं है। उनका आरोप है कि आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।

लोगों ने मुख्य मार्गों और स्कूल क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाने, स्पीड कंट्रोल उपाय बढ़ाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार
घटना को लेकर यातायात पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। परिजन और स्थानीय नागरिक दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।