भोपाल में 10वीं के छात्र पर स्नूकर क्लब में जानलेवा हमला !

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नाबालिग छात्रों के बीच वर्चस्व की रंजिश ने खतरनाक रूप ले लिया। 15 फरवरी की रात टीला जमालपुरा स्थित गणेश चौक के एक स्नूकर क्लब में 10वीं कक्षा के छात्र पर दो नाबालिगों ने चाकू और छुरी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज 22 फरवरी को सामने आया, जिसमें आरोपी फिल्मी अंदाज में क्लब के अंदर घुसते और महज 30 सेकंड के भीतर वार पर वार करते दिखाई दे रहे हैं।

30 सेकंड में 27 वार, बाल-बाल बची जान

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने करीब 30 सेकंड में छात्र पर 27 बार वार किए। घायल 16 वर्षीय छात्र किसी तरह खुद को बचाते हुए बाहर निकला। हमले में उसकी एक कलाई पर 10 से अधिक गहरे कट लगे हैं, जबकि दूसरे हाथ की दो उंगलियां कट गई हैं। कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के समय क्लब में अन्य बच्चे भी पूल गेम खेल रहे थे। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई।

पहले से चल रही थी तनातनी

घायल छात्र गौतम नगर थाना क्षेत्र का निवासी है और रोजाना क्लब में पूल खेलने आता था। कुछ दिन पहले क्लब में ही उसका दो अन्य 16 वर्षीय नाबालिगों से विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि उस दौरान घायल छात्र ने दोनों को थप्पड़ मार दिए थे। इसी रंजिश में आरोपियों ने बदला लेने की नीयत से हमला किया।
सूत्रों के मुताबिक, पूल गेम में वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और तनातनी हो चुकी थी। तीनों छात्र एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते हैं।

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

टीला जमालपुरा थाना पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। सब इंस्पेक्टर मनिपाल सिंह भदौरिया के मुताबिक, दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और फिर नोटिस देकर थाने से छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी।

हालांकि, गंभीर हमले के बावजूद आरोपियों को नोटिस पर छोड़ने को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि 27 वार जैसी वारदात में कड़ी धाराएं लगाई जानी चाहिए थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *