सलीम खान की सेहत में सुधार, वेंटिलेटर से हटाए गए !

Spread the love

मशहूर स्क्रिप्ट राइटर और अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान की तबीयत में अब सुधार बताया जा रहा है। ब्रेन हेमरेज के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, लेकिन ताजा जानकारी के मुताबिक अब उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, यदि हालत स्थिर रही तो उन्हें आज अस्पताल से डिस्चार्ज भी किया जा सकता है।


संतोष शुक्ला ने बताया सलमान का हाल

सलमान खान के करीबी दोस्त संतोष शुक्ला ने बातचीत में बताया कि यह परिवार के लिए बेहद निजी और संवेदनशील समय है। उन्होंने कहा कि वे खुद भी सिर्फ दूर से हालचाल ले पाए हैं और ऐसे समय में परिवार को स्पेस देना जरूरी है।

संतोष ने कहा, “लोग कुछ कहने के बजाय बस दुआ करें, वही सबसे बेहतर है। सोचिए, परिवार पर क्या गुजर रही होगी।”

सलमान खान के बारे में उन्होंने बताया कि वे इस समय बिल्कुल शांत हैं। वे न तो किसी को परेशान करना चाहते हैं और न ही खुद किसी तरह की हलचल चाहते हैं। संतोष के मुताबिक, “कभी-कभी इंसान को थोड़ा स्पेस देना चाहिए और सलमान अभी वही कर रहे हैं।”


लीलावती अस्पताल में भर्ती

सलीम खान को 17 फरवरी की सुबह ब्रेन से जुड़ी समस्या के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सुबह करीब 8:30 बजे इमरजेंसी में लाया गया।

18 फरवरी को अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर ने बताया था कि सलीम खान की डिजिटल सब्स्ट्रैक्शन एंजियोग्राफी (DSA) की गई है। डॉक्टरों के अनुसार यह कोई ब्रेन सर्जरी नहीं, बल्कि एक एडवांस्ड डायग्नोस्टिक टेस्ट है, जिससे दिमाग की नसों की स्थिति और संभावित ब्लॉकेज का स्पष्ट आकलन किया जाता है।

प्रक्रिया के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई थी और उन्हें निगरानी में रखा गया। मेडिकल टीम लगातार उनकी रिकवरी पर नजर बनाए हुए है।


1960 के दशक से चमकता करियर

सलीम खान का जन्म 24 नवंबर 1935 को हुआ था। वे हिंदी सिनेमा के दिग्गज स्क्रिप्ट राइटरों में शुमार हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1960 के दशक में अभिनय से की थी। फिल्म बारात से उन्होंने एंट्री ली, लेकिन उन्हें छोटे और सीमित किरदार ही मिले।

करीब दो दर्जन फिल्मों में अभिनय करने के बाद उन्होंने महसूस किया कि उनकी असली ताकत लेखन में है। इसके बाद उन्होंने स्क्रिप्ट राइटिंग की राह पकड़ी और हिंदी सिनेमा को कई यादगार कहानियां दीं।


परिवार और फैंस की दुआएं

सलीम खान के स्वास्थ्य में सुधार की खबर से परिवार और प्रशंसकों में राहत की भावना है। सोशल मीडिया पर भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामनाएं की जा रही हैं।

फिलहाल, डॉक्टरों की निगरानी में उनकी सेहत स्थिर बताई जा रही है। परिवार की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, लेकिन वेंटिलेटर से हटाया जाना एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *