सुरखी थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमला, भाषा विवाद की चर्चा के बीच लूट का आरोप !

Spread the love

सागर। सुरखी थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल के एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में चल रहा है। घटना 19 फरवरी की बताई जा रही है, लेकिन बाद में इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब घायल के परिजनों ने कोलकाता में इसे भाषाई विवाद से जोड़ दिया। हालांकि स्वयं घायल युवक ने भाषा विवाद से इनकार करते हुए लूट की नीयत से हमला होने की बात कही है।


गांव-गांव कपड़े बेचता है युवक

घायल मोहम्मद शाहिद पिता शाजिद शेख, निवासी कोलकाता (पश्चिम बंगाल) हाल निवास गोविंदपुरा, कैंट सागर, पिछले करीब चार वर्षों से सागर में रह रहा है। वह गांव-गांव घूमकर बच्चों के कपड़े बेचने का काम करता है।

शाहिद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 फरवरी को वह बिलहरा क्षेत्र में कपड़े बेचने गया था। शाम को लौटते समय ग्राम समनापुर के पास उसने बाथरूम के लिए अपनी बाइक रोकी। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और अचानक गाड़ी रोकने को लेकर विवाद करने लगे।


कहासुनी के बाद चाकू से हमला

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान चाकू से हमला किया गया, जिससे उसके पेट, हाथ और जांघ में गंभीर घाव आए। पेट में लगा घाव गहरा बताया जा रहा है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब आरोपी भाग निकले।

घटना के दौरान उसका मोबाइल भी मौके पर गिर गया। ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।


घायल का दावा – लूट की नीयत से हमला

बीएमसी में भर्ती शाहिद ने सोमवार रात स्पष्ट किया कि भाषा को लेकर कोई विवाद नहीं हुआ। उसने कहा कि चार लोग पैसे और मोबाइल छीनने आए थे। विरोध करने पर चाकू मार दिया।

उसने बताया कि 11 फरवरी को वह कोलकाता से सागर लौटा था और रोज की तरह कपड़े बेचने निकला था। परिवार को घटना की पूरी जानकारी नहीं होने से गलतफहमी हुई है।


परिवार ने लगाया भाषाई विवाद का आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घायल की पत्नी नूरेफा बीवी ने दावा किया कि बांग्ला भाषा में बातचीत करने को लेकर मारपीट की गई। मामला सामने आते ही वेस्ट बंगाल माइग्रेंट वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड ने संज्ञान लिया।

बोर्ड के चेयरमैन एवं टीएमसी सांसद समीरुल इस्लाम ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि पीड़ित के इलाज की व्यवस्था की गई है और एफआईआर दर्ज कराई गई है।

बोर्ड के सदस्य सहिदुर रहमान ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आरोप लगाया कि कुछ राज्यों में बंगाली बोलने वाले श्रमिकों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं।


पुलिस जांच में जुटी

मामले में एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि सुरखी थाना क्षेत्र में अचानक गाड़ी रोकने की बात को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट में फेरी लगाने वाला युवक घायल हुआ है। शिकायत के आधार पर अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।


इलाज जारी, स्थिति पर नजर

फिलहाल घायल शाहिद का इलाज बीएमसी में जारी है। पेट में गहरे घाव के कारण चिकित्सक उसकी निगरानी कर रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *