बीना में ओवरलोड फ्लाई ऐश ट्रकों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, खुरई ओवरब्रिज पर सौंपा ज्ञापन !

Spread the love

बीना। शहर में फ्लाई ऐश लेकर चलने वाले ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को खुरई ओवरब्रिज पर प्रदर्शन किया। जिला महामंत्री विक्रांत गोलंदाज के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा और भारी वाहनों पर नियंत्रण की मांग की।


उड़ती फ्लाई ऐश से बिगड़ रहा पर्यावरण

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ओवरलोड ट्रकों से उड़ने वाली फ्लाई ऐश की धूल से शहर का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। धूल के कारण आसपास के रहवासी सांस और एलर्जी संबंधी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि शहर की आबादी के बीच से गुजरने वाले इन भारी वाहनों पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि प्रदूषण और जनस्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को रोका जा सके।


ट्रैफिक जाम और हादसों का खतरा

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ओवरलोड ट्रकों की तेज रफ्तार और लापरवाही से आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। कई लोगों की जान भी जा चुकी है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुझाव दिया कि यदि इन वाहनों को पूरी तरह प्रतिबंधित नहीं किया जा सकता, तो उनके आवागमन का समय निर्धारित किया जाए और दिन के समय शहर में प्रवेश पर रोक लगाई जाए।


प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता मनोज कैथोरिया और प्रमोद राय ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे बीना की यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।

एडवोकेट राजाराम अहिरवार ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उन्हें जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *