छतरपुर। कोचिंग से घर लौट रही दो सगी बहनें सड़क हादसे का शिकार हो गईं। इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार दोनों छात्राओं को एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिओ पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा

घायल छात्राओं की पहचान प्रतीक्षा मिश्रा (15 वर्ष) और प्राची मिश्रा (18 वर्ष) निवासी छरावल गांव के रूप में हुई है। दोनों बहनें मातागुवां में कोचिंग पढ़ने गई थीं और वापस घर लौट रही थीं।
यह हादसा छतरपुर-सागर रोड स्थित जिओ पेट्रोल पंप के पास हुआ, जो मातागुवां थाना क्षेत्र में आता है।

पीछे से मारी टक्कर, स्कूटी अनियंत्रित होकर गिरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
गिरने से दोनों बहनों को हाथ-पैर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी।

अस्पताल में इलाज जारी, हालत स्थिर
सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायल छात्राओं को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बाइक सवार की तलाश में पुलिस

मातागुवां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने छतरपुर-सागर रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।