सागर स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय और जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी, सागर में महिला पुलिस स्टाफ के लिए मासिक धर्म स्वच्छता और सुविधा सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पहल देसाई फ़ाउंडेशन ट्रस्ट एवं गृहम हाउसिंग फाइनेंस के सहयोग तथा महिला सुरक्षा विभाग के समर्थन से क्रियान्वित की गई।

कार्यक्रम में देसाई फ़ाउंडेशन ट्रस्ट की टीम ने महिला पुलिस कर्मियों को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management) पर प्रशिक्षण और जागरूकता प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के सुरक्षित तरीकों, सैनिटरी नैपकिन के सही उपयोग, संक्रमण से बचाव के उपाय और स्वच्छ एवं सुरक्षित निस्तारण के मानक के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।

इसके साथ ही दोनों परिसरों में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और इंसीनेरेटर की स्थापना की गई। महिला कर्मियों को इन सुविधाओं के उपयोग और रखरखाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि वे नियमित रूप से स्वच्छता सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
इस पहल के माध्यम से पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में कार्यरत महिला कर्मियों के स्वास्थ्य, सुविधा और गरिमा को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अधिकारीयों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम महिला पुलिस स्टाफ की सुविधा और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मददगार साबित होंगे।