सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरखी थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल के एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक का इलाज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में चल रहा है। घटना 19 फरवरी की बताई जा रही है।
क्या है मामला
घायल मोहम्मद शाहिद शेख (निवासी कोलकाता, वर्तमान निवास गोविंदपुरा कैंट, सागर) पिछले चार वर्षों से सागर में रहकर गांव-गांव कपड़े बेचने का काम करता है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वह बिलहरा क्षेत्र से कपड़े बेचकर लौट रहा था। ग्राम समनापुर के पास बाइक रोकने को लेकर तीन युवकों से कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। आरोप है कि युवकों ने चाकू से हमला किया, जिससे पेट, हाथ और जांघ में गंभीर चोटें आईं।

भाषा विवाद का दावा और घायल का बयान
घटना के बाद परिजनों ने कोलकाता में इसे कथित “भाषाई विवाद” से जोड़ा। वहीं, वेस्ट बंगाल माइग्रेंट वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड ने मामले का संज्ञान लिया है। बोर्ड के पदाधिकारियों ने परिवार से मुलाकात की और चिंता जताई।
हालांकि बीएमसी में भर्ती शाहिद ने मीडिया से कहा कि हमला लूट की नीयत से किया गया था। उनके मुताबिक, आरोपियों ने पैसे और मोबाइल छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर चाकू मारा। उन्होंने भाषा को लेकर किसी विवाद से इनकार किया है।

पुलिस की कार्रवाई
एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि पेट में गहरा घाव होने के कारण चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। मामले में भाषा विवाद और लूट के एंगल—दोनों पहलुओं की जांच की जा रही है।