खुरई। शहर के सिविल अस्पताल खुरई से मंगलवार देर रात एक अत्यंत महत्वपूर्ण रजिस्टर चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह रजिस्टर मारपीट एवं अन्य आपराधिक मामलों में पुलिस द्वारा कराई जाने वाली चिकित्सकीय जांच (एमएलसी) से संबंधित था। रजिस्टर के गायब होने से कई मामलों की कानूनी प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
नशे में धुत व्यक्ति लेकर हुआ फरार
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मंगलवार रात एक व्यक्ति नशे की हालत में अस्पताल परिसर में घूमता हुआ देखा गया। इसी दौरान वह ड्यूटी रूम नंबर 34 में पहुंचा और वहां रखा अहम रजिस्टर उठाकर भाग निकला। उस समय ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मरीजों को देखने वार्ड में गए हुए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
कानूनी साक्ष्यों से जुड़ा था रजिस्टर
सूत्रों के मुताबिक, उक्त रजिस्टर में पुलिस द्वारा जांच के लिए लाए गए आरोपियों की शारीरिक स्थिति, मेडिकल रिपोर्ट तथा फरियादियों की चोटों का विस्तृत विवरण दर्ज रहता था। कई मामलों में यही प्रविष्टियां अदालत में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत की जाती हैं। ऐसे में रजिस्टर का चोरी होना पुलिस जांच के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।

पुलिस पहुंची मौके पर, सीसीटीवी खंगाले
सूचना मिलते ही खुरई शहरी पुलिस और डायल 112 की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने स्टाफ से पूछताछ की और अस्पताल परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
देर रात पुलिस को सूचना मिली कि संदेही व्यक्ति का नाम संजय बताया जा रहा है। पुलिस संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश कर रही है और रजिस्टर की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

एफआईआर दर्ज होने की संभावना
खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि रजिस्टर की जल्द बरामदगी जरूरी है, अन्यथा कई मामलों की रिपोर्टिंग और कानूनी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर दस्तावेज बरामद किए जाएंगे।