सागर। कोतवाली थाना क्षेत्र के रानीपुरा इलाके में बुधवार रात बदमाशों ने एक दंपती पर कटर से हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी का उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

घर के बाहर हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय चंद्रलेश चौरसिया गणेश मंदिर के पास समोसे की दुकान संचालित करते थे। बुधवार रात वह अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी तीन से चार बदमाश अचानक वहां पहुंचे और उन पर कटर से हमला कर दिया।
शोर सुनकर उनकी पत्नी शशि उर्फ प्रेमबाई चौरसिया बीच-बचाव के लिए बाहर आईं, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपी फरार हो गए।
बेटे के सामने हुआ हमला

मृतक के बेटे राजा चौरसिया ने बताया कि वह अपनी समोसे की दुकान बंद कर रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि तीन-चार लोग उसके पिता पर हमला कर रहे हैं। वह घबराकर चिल्लाने लगा, लेकिन हमलावर लगातार मारपीट करते रहे।
राजा के अनुसार, हमलावरों में शैलेश चौरसिया और उसके साथी शामिल थे। हालांकि हमले की स्पष्ट वजह उसे समझ में नहीं आ रही है। उसने बताया कि परिवार का आरोपियों से पहले कोई सीधा विवाद नहीं था।
अस्पताल में तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से घायल दंपती को एम्बुलेंस द्वारा बीएमसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण चंद्रलेश चौरसिया की मौत हो गई। उनकी पत्नी शशि चौरसिया का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
अस्पताल में परिजनों की भीड़ लगी रही और पुलिस ने वहीं पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।
जमीन विवाद की आशंका, जांच जारी
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि प्राथमिक जांच में जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मृतक और एक आरोपी के परिवार के बीच मकान के हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हमला किए जाने की आशंका है।

पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।