सागर के समनापुर शाहजू में युवक की हत्या !

Spread the love

सागर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम समनापुर शाहजू में मारपीट का बदला लेने के लिए एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य चार आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपियों में मृतक की मौसी का बेटा और अन्य रिश्तेदार भी शामिल हैं।


15 दिन पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप

पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता लखन यादव ने शिकायत में बताया कि करीब 15 दिन पहले भागचंद यादव, निवासी समनापुर शाहजू, उनके यहां ग्राम ढेहचुआ रिश्तेदारी में आया था। उस दौरान मृतक अभी यादव और भागचंद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसे परिजनों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था।

मंगलवार को अभी यादव अपने रिश्तेदार अमित यादव, हुकूम यादव और अंकुर यादव के साथ बाइक से समनापुर शाहजू में आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रहा था। गांव के बाहर पहुंचते ही पुराने विवाद को लेकर मौसी के लड़कों सहित अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया।


लाठी-डंडों से की मारपीट, अस्पताल ले जाते समय मौत

हमलावरों ने लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। इस हमले में अभी यादव और अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अंकुर और हुकूम को भी चोटें आईं।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। देवरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अभी और अमित को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन सागर ले जाते समय अभी यादव की मौत हो गई। अमित यादव का इलाज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में जारी है।


सात नामजद आरोपी, तीन गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर पुलिस ने टंटू यादव, भागचंद यादव, उमेश यादव, मदन यादव, अखिलेश उर्फ अकलू यादव, सुखलाल यादव और सुबेद यादव के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—टंटू यादव, अखिलेश यादव और भागचंद यादव—को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपी उमेश, मदन, सुखलाल और सुबेद की तलाश जारी है।


पुलिस का बयान

एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि भंडारे के दौरान पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *