सागर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के अंतर्गत सागर जिला भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री एवं सागर जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने कहा कि प्रशिक्षण केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण की सतत प्रक्रिया है। इससे संगठन की कार्यपद्धति में एकरूपता आती है तथा सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना और अधिक प्रखर होती है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक सक्रिय और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं।
उन्होंने बताया कि यह महाअभियान कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियानों से जोड़ते हुए उन्हें अधिक प्रभावी बनाएगा। व्यापक प्रशिक्षण के माध्यम से संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी।

11 मार्च से मंडल स्तर पर प्रशिक्षण
लोकेन्द्र पाराशर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि 11 मार्च से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर पर तथा 15 अप्रैल से 20 मई तक जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इन सत्रों में संगठन की कार्यपद्धति, वैचारिक आधार, जनसंपर्क तंत्र और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठनात्मक मजबूती सुनिश्चित की जा सके।
“प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ता निर्माण की पहली सीढ़ी” – भूपेंद्र सिंह
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ता निर्माण की पहली सीढ़ी है, जिसके माध्यम से भविष्य में एक आदर्श कार्यकर्ता का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से निकला भाजपा कार्यकर्ता सेवाभावी, राष्ट्रभक्त, अनुशासित, चरित्रवान और संस्कारयुक्त होता है।
उन्होंने कहा कि आदर्श कार्यकर्ता एक दिन में नहीं बनता, बल्कि वर्षों की साधना और प्रशिक्षण से तैयार होता है। भाजपा में सबसे बड़ा पद आदर्श कार्यकर्ता का होता है, जो स्थायी है। उन्होंने कहा कि आज डिजिटल क्रांति का युग है और प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को तथ्यों एवं तर्कों की दृष्टि से भी परिपक्व बनाता है।
भूपेंद्र सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना ही भाजपा का उद्देश्य है। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को रीचार्ज करने का माध्यम है, जहां सादगी, समर्पण, अनुशासन और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से संपर्क जैसी महत्वपूर्ण बातें सीखने का अवसर मिलता है।

अन्य वक्ताओं ने भी रखे विचार
कार्यशाला में प्रशिक्षण अभियान संभागीय टोली सदस्य सदानंद गौतम ने प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी। जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठनात्मक विचारधारा को समझने और उसे जमीनी स्तर पर लागू करने का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण महाअभियान 2026 कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करेगा तथा राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यशाला में सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, संभागीय टोली सदस्य जाहर सिंह, जिला टोली सदस्य जगन्नाथ गुरैया, जयंती मौर्य सहित अपेक्षित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला टोली संयोजक देवेंद्र कटारे ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी दी तथा संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष चौबे ने किया।

संगठनात्मक एकजुटता को नई मजबूती
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से भाजपा को बूथ स्तर तक और अधिक संगठित, सक्रिय और प्रभावी बनाया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि जब प्रत्येक कार्यकर्ता विचार से दृढ़ और व्यवहार से विनम्र होगा, तभी संगठन की शक्ति समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी और राष्ट्र निर्माण का लक्ष्य सशक्त रूप से साकार होगा।